Punjab CM News : शिअद और कांग्रेस ने कभी पंजाब की चिंता नहीं की : मान

0
19
Punjab CM News : शिअद और कांग्रेस ने कभी पंजाब की चिंता नहीं की : मान
Punjab CM News : शिअद और कांग्रेस ने कभी पंजाब की चिंता नहीं की : मान

कहा, दोनों पार्टियों ने सत्ता में रहते हुए प्रदेश को हर तरह से नुकसान पहुंचाया

Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर से शिअद और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों पार्टियों ने प्रदेश को लूटा है। मान ने कहा कि सत्ता में रहने वाले पिछले राजनीतिक नेताओं ने कभी भी राज्य या यहां के लोगों की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि इन अहंकारी नेताओं ने हमेशा राज्य के लिए काम करने के बजाय अपने व्यक्तिगत लाभ और परिवारवाद को प्राथमिकता दी।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन नेताओं का यह रवैया पंजाब और इसके लोगों के लिए घातक साबित हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि परंपरागत पार्टियां मुझसे ईर्ष्या करती हैं क्योंकि मैं एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता हूं। ये नेता सत्ता में बने रहने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, इसलिए इन्हें यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि आम आदमी सरकार इतनी बेहतर ढंग से कैसे चला रहा है। इन राजनीतिज्ञों ने लंबे समय तक लोगों को मूर्ख बनाया, लेकिन अब लोग इनके गुमराह करने वाले प्रचार में नहीं आएंगे।

प्रदेश की धन संपत्ति को खूब लूटा

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नेताओं ने अपने सरकारी पदों का दुरुपयोग कर धन-संपत्ति इकट्ठी की और बड़े-बड़े महल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन महलों की दीवारें ऊंची हैं और दरवाजे आम लोगों के लिए बंद रहते हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये नेता लोगों की पहुंच से दूर रहे, इसलिए लोगों ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।

अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बागडोर संभालने के बावजूद पूर्व उपमुख्यमंत्री राज्य की भौगोलिक स्थिति से अनजान हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सब कुछ छोड़ो, सुखबीर तो कद्दू और लौकी में फर्क भी नहीं बता सकता। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसे नेता कई सालों तक लोगों को बेवकूफ बनाते रहे, लेकिन अब आम लोगों ने अपनी सरकार को वोट देकर सत्ता में लाया है।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : सर्वसम्मति से पंचायत चुनने पर पांच लाख इनाम देंगे : सीएम

ये भी पढ़ें : Punjab News : राज्य में नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को और बेहतर करेंगे : डीजीपी