Himachal News : राष्ट्रधर्म के लिए अपने प्राणों की बलि देना पूजनीय : डॉ धनीराम शांडिल

0
88
राष्ट्रधर्म के लिए अपने प्राणों की बलि देना पूजनीय : डॉ धनीराम शांडिल
राष्ट्रधर्म के लिए अपने प्राणों की बलि देना पूजनीय : डॉ धनीराम शांडिल

कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित 

Himachal News (आज समाज)शिमला। कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को यहाँ ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह किया गया। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और कारगिल में शहीद जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस कार्यक्रम में कारगिल युद्ध में शहीद, शौर्य सम्मान से सम्मानित वीर नारी और कारगिल युद्ध का हिस्सा रह चुके सेवानिवृत्त पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि प्रदेश को वीर भूमि होने का श्रेय प्राप्त करने में हिमाचल के वीर सपूतों का अभूतपूर्व योगदान रहा है। जब भी देश को आवश्यकता हुई है, यहाँ के वीर जवानों ने अभूतपूर्व सैन्य परम्पराओं का निर्वहन करते हुए अपने साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि वेदों में राष्ट्र धर्म को सर्वश्रेष्ठ बताया गया है। राष्ट्र धर्म के लिए अपने प्राणों की बलि दे देना पूजनीय है। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं रहे हैं। कारगिल युद्ध में हिमाचल के 52 वीरों ने अपने प्राण देश के लिए न्योछावर किए हैं। हमें उनके बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।