Vladimir Putin India Visit, (आज समाज), मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आने वाले हैं। रूसी मीडिया के मुताबिक देश के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने आज यह पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुतिन ने भारत सरकार के प्रमुख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और वह उनके (पीएम मोदी) न्योते पर भारत आएंगे।
पुतिन की यात्रा की व्यवस्था कर रहा भारत
लावरोव रूस में भारतीय दूतावास और रूसी अंतर्राष्ट्रीय मामलों की परिषद (आरआईएसी) द्वारा संयुक्त रूप से ‘रूस और भारत: एक नए द्विपक्षीय एजेंडे की ओर’ आयोजित सम्मेलन को वीडियो के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में रूसी राष्ट्रपति की यात्रा की व्यवस्था कर रहा है।
मोदी पुतिन के निमंत्रण पर किया था रूस का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी पिछले साल जुलाई में22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पुतिन के निमंत्रण पर रूस का दौरा किया था। रूसी मीडिया ने यह भी कहा कि पीएम मोदी 9 मई को मास्को के रेड स्क्वायर पर ग्रेट पैट्रियटिक वा में विजय की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए आयोजित परेड के लिए रूस जा सकते हैं। स्थानीय मीडिया ने सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी की रूस यात्रा की पूरी-पूरी संभावना है। एक सूत्र ने यह बात कही कि मोदी मास्को में 9 मई को आयोजित परेड में भाग लेने की योजना बना रहे हैं और इसकी अत्यधिक संभावना है।
भारतीय सैन्य कर्मियों की डिलीवरी पर की जा रही चर्चा
सैन्य सूत्र ने यह भी कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की एक औपचारिक इकाई की रेड स्क्वायर पर परेड में भागीदारी का मुद्दा, जिसे रिहर्सल के लिए परेड से कम से कम एक महीना पहले पहुंचना चाहिए, पर भी काम किया जा रहा है। सूत्र के अनुसार भारतीय सैन्य कर्मियों की डिलीवरी से संबंधित मुद्दों पर वर्तमान में चर्चा की जा रही है।
कई आमंत्रित देशों ने की है भागीदारी की पुष्टि : लावरोव
रूसी मीडिया के अनुसार इससे पहले सर्गेई लावरोव ने कहा था कि कई आमंत्रित देशों ने महान देशभक्तिपूर्ण युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए 9 मई को मास्को में होने वाले आगामी कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें : Russia Ukraine War : रूसी सेना ने यूक्रेन के सैनिकों पर किया हमला