Hisar News: हिसार में पूर्व सीएम मनोहर लाल के जनसंवाद कार्यक्रम में बवाल

0
13
हिसार में पूर्व सीएम मनोहर लाल के जनसंवाद कार्यक्रम में बवाल
Hisar News: हिसार में पूर्व सीएम मनोहर लाल के जनसंवाद कार्यक्रम में बवाल

युवक बोला- हिसार से हारेगा भाजपा का उम्मीदवार
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों और उनके लिए प्रचार करने के लिए आने वाले नेताओं को चौतरफा विरोध का सामना करना पड़ रहा। हर रोज किसी न किसी विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशियों के विरोध का समाचार सामने आ ही जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों व केंद्र के तीन कृषि कानूनों को लागू करने के दौरान हुए किसान आंदोलन के कारण भाजपा को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश का किसान व जाट वर्ग से नाराज चल रहा है।

लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को इनकी नाराजगी का सामना करना पड़ा था। जिसकारण भाजपा जाट बाहुल्य क्षेत्रों में हार गई थी। वहीं क्षेत्रों के विकास में अनदेखी के कारण भी भाजपा नेताओं को लोग खरी-खरी सुना रहे है। इसी कड़ी गत रात्रि हिसार में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसंवाद कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी विरोध का सामना करना पड़ा। युवक के हंगामा करने पर पूर्व मुख्यमंत्री गुस्सा हो गए और उन्होंने युवक को बाहर निकलने के लिए सुरक्षा कर्मियों को आदेश दिया।

सरकार तो भाजपा की ही बनेगी

दरअसल, पूर्व सीएम हिसार से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता के लिए प्रचार करने हिसार आए थे। यहां रात को पटेल नगर की पंजाबी धर्मशाला में जनसंवाद कार्यक्रम था। कार्यक्रम की शुरूआत में डॉ. कमल गुप्ता ने अपनी बात रखी। इसके बाद पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को बोलने के लिए उठे। पूर्व सीएम ने कहा कि अबकी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी इससे सभी सहमत है ना। इसके बाद कहा कि उसके लिए जरूरी है कि हिसार से विधायक भाजपा का हो और डॉ. कमल गुप्ता जन हितेषी है इसलिए इनका भी जितना जरूरी है ना। तभी एक युवक जनसभा में खड़ा हुआ और बोला कि प्रदेश में सरकार तो भाजपा की बनेगी मगर हिसार से भाजपा प्रत्याशी डॉ. कमल गुप्ता हारेगा।

डॉ. कमल गुप्ता ही भाजपा प्रत्याशी

इसके बाद मनोहर लाल खट्टर ने युवक को अपने पास बुलाया जब युवक स्टेज के पास आने लगा तो खट्टर ने सुरक्षा कर्मियों को आदेश दिया कि इसे पकड़ो। फिर कहा कि इसकी हिम्मत कैसे हो गई। तब युवक ने कहा कि हिम्मत की क्या बात है। मनोहर लाल ने कहा कि इसे बाहर ले जाओ। वहीं मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि विपक्ष द्वाीा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि हिसार में भाजपा के 2 प्रत्याशी है मगर ऐसा नहीं है। हिसार में भाजपा का एक ही प्रत्याशी है वो है डॉ. कमल गुप्ता। जो भाजपा के कमल के फूल के निशान पर खड़े हैं। कमल के निशान पर डॉ. कमल गुप्ता ये भाजपा के कैंडिडेट हैं।

यह भी पढ़ें :  US Presidential Elections: एरिजोना में कमला हैरिस के चुनावी कार्यालय के बाहर फायरिंग