मंडियों में गेहूं तोल में गड़बड़ी का आरोप, सीएम फ्लाइंग की रेड में हुआ खुलासा
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा की अनाज मंडियों में तोल में गड़बड़ी करने वाले आढ़तियों पर 45 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। तोल में गड़बड़ी में का खुलासा सीएम फ्लाइंग की जांच में हुआ। दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास मंडियों में तोल में गड़बड़ी को लेकर शिकायतें पहुंच रही थी, जिस पर एक्शन लेते हुए मुख्यमंत्री ने सीआईडी को मंडियों में जाकर जांच करने के निर्देश दिए। सीएम फ्लाइंग जांच में खुलासा हुआ है कि सबसे अधिक गड़बड़ी नूंह, रेवाड़ी और चरखी दादरी में की जा रही थी।
इन मंडियों में आढ़तियों पर सबसे अधिक जुर्माना लगाया गया है। साथ ही बिना रजिस्ट्रेशन के कई फर्म चल रहीं थी। कई जगह गोदाम में अनाज का अवैध स्टॉक मिला। इसका खुलासा सीएम फ्लाइंग की रेड में हुआ। 20 अप्रैल तक सीएम फ्लाइंग की टीम ने अलग-अलग जिलों में मंडियों का औचक निरीक्षण किया और गड़बड़ी पाने पर जुर्माना लगाया।
इन जगहों पर की गई रेड
- कुरुक्षेत्र: 16 अप्रैल 2025 को नई अनाज मंडी, थानेसर में मेसर्स पवन कुमार अजय कुमार फर्म के संचालक पवन कुमार पर गेहूं की बोरी में अतिरिक्त मात्रा भरकर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगा। उनके खिलाफ भ्केस दर्ज किया गया।
- करनाल: अनाज मंडी, घरौंडा में मेसर्स मान सिंह सोनू कुमार फर्म में 10 बैग में 3.6 किलोग्राम और 5 बैग में 2 किलोग्राम अतिरिक्त गेहूं पाया गया। फर्म का लाइसेंस 18 अप्रैल 2025 से 24 अप्रैल 2025 तक निलंबित किया गया और 10 हजार का जुर्माना लगाया गया।
- नूंह: पुन्हाना और तावड़ू अनाज मंडियों में कई दुकानों पर भारी जुर्माना लगाया गया। तावडू की दुकान नंबर 92 पर 1,05,360 का सबसे बड़ा जुर्माना शामिल है।
- रेवाड़ी: बावल और कोसली ब्लॉक में अवैध सरसों का स्टॉक करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की गई। नया गांव (जाटों वाला) में 1,500 क्विंटल अवैध सरसों के साथ 1,24,250 का जुर्माना लगाया गया।
यह भी पढ़ें : हरियाणा में 42 आईपीएस और 13 एचपीएस अधिकारियों को बदला
यह भी पढ़ें : फैक्ट फाइंडिंग कमेटी करेंगी हरियाणा श्रम विभाग में घोटाले की जांच