स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दो चिकित्सकों को हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड 2022 से नवाजा

0
274
Haryana Doctor Gaurav Award 2022
Haryana Doctor Gaurav Award 2022
संजीव कौशिक, Rohtak News:                           
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दो चिकित्सकों पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ ध्रुव चौधरी और कार्डियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ अश्विनी यादव को रविवार को हरियाणा चिकित्सा परिषद द्वारा अंबाला में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड 2022 से नवाजा गया है। दोनों चिकित्सकों को बधाई देते हुए कुलपति डॉ अनीता सक्सेना, कुलसचिव डॉ एचके अग्रवाल, निदेशक डॉ एसएस लोहचब, डीन डॉ कुलदीप सिंह लालर ने कहा कि दोनों चिकित्सकों को यह सम्मानित अवार्ड मिलने से संस्थान के चिकित्सकों का हौसला वर्धन हुआ है।

अंबाला में भव्य कार्यक्रम आयोजित

अपनी इस उपलब्धि के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए डॉ ध्रुव चौधरी ने बताया कि हरियाणा चिकित्सा परिषद द्वारा रविवार को अंबाला में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें अपने क्षेत्र में महारत हासिल कर चुके चिकित्सकों को उनकी अभूतपूर्व सेवाओं के चलते हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड 2022 से नवाजा जाना था। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज उपस्थित हुए थे।

प्रतिष्ठित हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड 

डॉक्टर ध्रुव चौधरी ने बताया कि उनके द्वारा पल्मोनरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन के क्षेत्र में दिए गए अभूतपूर्व योगदान एवं कोविड-19 के दौरान किए गए सराहनीय कार्य के चलते उन्हें यह प्रतिष्ठित हरियाणा चिकित्सक गौरव अवार्ड प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह अवार्ड स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, स्वास्थ्य विभाग के एसीएस डॉ राजीव गुप्ता एवं महानिदेशक डॉ वीणा सिंह के द्वारा प्रदान किया गया है। डॉ ध्रुव चौधरी ने कहा कि वे अपने इस अवार्ड का श्रेय अपने विभाग के सभी साथियों को देते हैं जिन्होंने इस लेवल पर पहुंचने के लिए उन पर उम्मीद जताते हुए हमेशा सहयोग किया।

मरीजों की सेवा के लिए अवार्ड प्रदान किया

डॉ ध्रुव ने कहा कि वे अपने उन सभी मरीजों का भी तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त करते हैं जिन्होंने उन पर विश्वास जताया।
कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ अश्विनी यादव ने कहा कि उन्हें यह अवार्ड कार्डियक के क्षेत्र में दिन-रात मरीजों की की गई सेवा के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कुलपति डॉ अनीता सक्सेना, कुलसचिव डॉ एचके अग्रवाल, निदेशक डॉ एसएस लोहचब व डीन डॉ कुलदीप सिंह लालर का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त करते हैं जिन्होंने उन पर विश्वास जताया। डॉ अश्विनी यादव ने कहा कि इस प्रकार के अवार्ड से चिकित्सकों का मनोबल बढ़ता है और वह अधिक मेहनत के साथ अपना कार्य करते हैं।