Rohtak News भाजपा सरकार ने जाति व समुदाय से ऊपर उठकर समग्र विकास किया : डा. सतीश पूनिया 

0
50
रोहतक। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखते हुए कहा कि हरियाणा भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जाति व समुदाय से ऊपर  उठकर समग्र विकास के लिए काम किया है।
पीएम मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का नारा हरियाणा में सही तरह से लागू हुआ : डा. पूनिया
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का जो नारा दिया वह हरियाणा में सही तरह से लागू हुआ। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की खुशहाली के लिए 1 लाख 52 हजार करोड़ का बजट दिया आज तक किसी दूसरी सरकार ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाने के लिए मोदी और नायब सरकार ने अनेकों योजनाएं बनाई और लागू किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ देश और प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। फसलों की बीमा योजना के तहत 500 करोड़ से अधिक का मुआवजा किसान ले चुके हैं। हरियाणा में पहली बार टेल तक पानी पहुंचा यह भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बना : डा. पूनिया

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य बना है जहां सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी ने गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. पूनिया ने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद हरियाणा के गांवों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। हर घर नल से स्वच्छ जल आ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां दी। हरियाणा भाजपा सरकार का 10 साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में माहौल भाजपा के पक्ष में है और हरियाणा की जनता नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है।