रोहतक: जल शक्ति अभियान महत्वकांक्षी कार्यक्रम: कैप्टन मनोज

0
381

संजीव कुमार, रोहतक:
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार का एक देशव्यापी अभियान है। इसका लक्ष्य देश के हर घर तक 2024 तक पीने लायक शुद्ध जल पहुँचाना है। उपायुक्त ने यह बात आज साइकिल यात्री सुभाष चन्द्र से मुलाकात के दौरान कही। सुभाष चन्द्र आज उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और उन्होंने उपायुक्त के साथ जल जीवन मिशन पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल भी मौजूद थे।

मिशन पर हो रहा अच्छा काम
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि सुभाष चन्द्र मिशन को लेकर सराहनीय कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि जल जीवन अभियान को सफल बनाने के लिए भारत सरकार कई कार्यक्रम चला रही है। साथ ही जल संरक्षण, शुद्ध पेय जल की उपलब्धता और दुरुपयोग को रोकने के लिए एक विशेष मंत्रालय भी बनाया गया है। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि जल शक्ति अभियान भारत सरकार का एक महत्वकांक्षी कार्यक्रम है। इसमें इंटरवेंशन कर सभी स्कीमों में अधिक से अधिक पौधे लगवाने का कार्य जारी है तथा गांवों में उपलब्ध परम्परागत तालाबों की खुदाई के साथ-साथ सभी सरकारी भवनों के परिसर में बरसाती पानी के पुनर्भरण के लिए रेन वाटर हारवेस्टर बनाए जा रहे हैं।

पौधे लगाने के लिए कर रहे जागरूक
उपायुक्त ने बताया कि जल शक्ति अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पानी बचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल शक्ति मिशन के तहत सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधी लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिये गए है। जिले के विभिन्न गांवों में रेन वाटर हार्वेस्टर बनाए जा रहे हैं। इसी प्रकार गांवों में उपलब्ध परम्परागत जोहड़ों की सफाई व पौधारोपण कर सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, सोख्ता गड्ढा के अलावा पौधारोपण करवाया जाना आवश्यक है। इससे पहले जल जीवन के संदेश को लेकर साइकिल यात्री सुभाष चंद्र आज जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल नंबर 2 के कार्यालय पहुंचे। कार्यकारी अभियंता भानु प्रकाश शर्मा ने उनका स्वागत किया। जलघर परिसर में पौधारोपण किया गया। सुभाष चंद्र ने कहा कि जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है। बातचीत में सुभाष चन्द्र ने कहा कि उनकी साइकिल यात्रा का रोहतक 20वां जिला है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर पानी की बबार्दी को देखा है। अगर पानी की सही व्यवस्था नहीं हो पाई तो आने वाले दिनों में पेयजल का भारी संकट उत्पन्न हो जायेगा। भानु प्रकाश शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में जल संरक्षण सबसे बड़ा कार्य है। इस अवसर पर जिला सलाहकार अमरजीत कौर, खंड संसाधन समन्वयक विजय कुमार, सरिता, सीमा, हरीश व अमरजीत आदि मौजूद थे।