फाग के चलते रोडवेज महाप्रबंधक ने किया ऐलान
Jind News (आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद में कल रोडवेज बसें नहीं चलेंगी। परिवहन विभाग का कहना है कि फाग के दिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा बसों को नुकसान पहुंचाने की आशंका रहती है। इसलिए शुक्रवार को बसों का संचालन बाधित रहेगा।
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर दोपहर बाद बसें चलाई जा सकती हैं। अल सुबह जींद से दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार, मथुरा, पटियाला, लुधियाना जैसे लंबे रूट पर बस जाती हैं। उसके बाद भिवानी, रोहतक, कैथल, हिसार, कुरुक्षेत्र व अन्य स्थानीय रूट पर बस चलती हैं। लेकिन कल बसों को संचालन नहीं होगा।
हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की नजर
वहीं होली और फाग पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं होगी। एसपी राजेश कुमार ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को दिशा निर्देश जारी किए है। बाइक का साइलेंसर उतार कर हुड़दंग करने वालों के चालान काटे जाएंगे तो पुलिस सादी वर्दी में घूमेगी। हुड़दंग की सूचना पर पुलिस पांच मिनट के अंदर मौके पर होगी। इसके लिए बाकायदा डायल 112 व गश्त टीम को 24 घंटे अलर्ट रहने के भी निर्देश दिए गए है। अगर प्रबंधों के बावजूद भी हुड़दंगबाजी हुई तो संबंधित थाना प्रभारी इसके जिम्मेदार होंगे।
छेड़छाड़ की घटना नहीं होगी सहन
होली पर्व को लेकर पुलिस ने बाजारों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने वाहनों की चेकिंग को लेकर भी अभियान शुरू कर दिया है और खासतौर पर बाइक सवारों पर नजर रखी जा रही है। एसपी ने कहा कि किसी भी सूरत में छेड़छाड की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: हरियाणा में 25 से 30 फीसदी बढ़ सकता है मेयर-पार्षदों का मानदेय
ये भी पढ़ें : हरियाणा निकाय चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, जनता का भरोसा भाजपा के साथ