Rishi Kapoor’s funeral completed: पंचतत्व में विलीन हुए ऋषि कपूर

0
439

नई दिल्ली। बॉलीवुड के चमकते सितारे और महान कलाकार ऋषि कपूर का निधन गुरुवार को हो गया। फिल्मी दुनिया के साथ ही उनके चाहने वाले भी शोकाकुल हो गए। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया गया। कोरोना महामारी के कारण देश में लॉकडाउन है जिसकी वजह से ऋषि कपूर की अंतिम यात्रा में परिवार के कुछ लोग ही शामिल हुए। मुंबई पुलिस के कहने पर कपूर परिवार ऋषि कपूर का पार्थिव शरीर घर की जगह सीधे चंदनवाड़ी श्मशान घाट लेकर गए। आधे घंटे में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपूर्ण की गई। गौरतलब है कि ऋषि कपूर को कल सांस लेने में तकलीफ हो रही थी जिसके बाद उन्हें बुधवार को ही मुंबई के एच एन रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर के निधन की जानकारी अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दी थी कि ऋषि कपूर का निधन हो गया है। बता देंकि ऋषि कपूर के निधन के बाद परिवार ने स्टेटमेंट जारी कर लिखा था, ‘हमारे प्यारे ऋषि कपूर आज सुबह 8.45 पर इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ का कहना है कि वह लास्ट तक सभी को एंटरटेन करते रहते थे। वह इन 2 सालों में बीमारी से लड़ते हुए भी खुश रहते थे। उनका फोकस सिर्फ परिवार, दोस्त, खाना और फिल्मों में था। जो भी उनसे मिलता वो ये देखकर चौंक जाते थे कि कैसे ऋषि ने बीमारी से खुद को कभी निराश नहीं होने दिया।’ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रणबीर कपूर ने पूरी की।