Rewari News : तिरंगा भारत देश की आन-बान व शान, राष्ट्रीय ध्वज का मान-सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है : खेल मंत्री

0
53
Tricolor is the pride and glory of India and it is the duty of every citizen to respect the national flag: Sports Minister
तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करते वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय सिंह।

(Rewari News) रेवाड़ी। हरियाणा के खेल, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा हमारे देश की आन-बान व शान है। राष्ट्रीय ध्वज का पूरा सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में तिरंगा यात्राएं आयोजित करने का निर्णय लिया है और इन यात्राओं ने युवा पीढ़ी में राष्ट्र प्रेम व राष्ट्र भक्ति भरने का काम किया है।

खेल मंत्री संजय सिंह सोमवार को रेवाड़ी के मॉडल टाउन स्थित हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हम आजादी की खुली फिजा में सुख-चैन की सांस ले रहे हैं यह सब हमारे देश के सेना के वीर जवानों की बदौलत है जो देश की सीमाओं व सरहदों की पूरी चौकसी के साथ निगेहबानी करते हुए रक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हम अपने घरों में होली-दीवाली मना रहे होते हैं उस समय भी देश की सेना के वीर सैनिक देश ही सरहदों पर डंटकर खड़े होते हैं और देश की दुश्मनों व बाहरी ताकतों से सुरक्षा करते हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि हमें देश के वीर शहीदों की शहादत को हमेशा याद रखना चाहिए , शहीदों ने देश को आजाद कराने व देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया था। उन्होंने कहा कि शहीद युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और युवा पीढ़ी को शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा से विशेषकर युवाओं में राष्ट्र प्रेम व राष्ट्र भक्ति की भावना और अधिक प्रबल होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। सभी इस अभियान में शामिल होकर अपने घरों पर मान-सम्मान सहित तिरंगा फहराएं और उसकी हिफाजत करें। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की की बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।

खिलाडिय़ों की प्रतिभा को तराश रही सरकार : खेल मंत्री

खेल मंत्री संजय सिंह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी खेल प्रतियोगिता की बात हो, ओलंपिक्स, कॉमनवेल्थ या एशियन गेम्स, इन सभी खेलों में देश को सर्वाधिक मेडल दिलाने में देश के करीब दो फीसदी आबादी वाले हरियाणा प्रदेश का अहम योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक 2024 में भी हरियाणा छाया रहा और हरियाणा के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए मेडल जीते। इस बार भारत ने कुल छह पदक जीते हैं, जिसमें पांच हरियाणा के खिलाडिय़ों के नाम हैं। पेरिस ओलंपिक में झज्जर की बेटी मनु भाकर ने 12 साल बाद निशानेबाजी में देश को पदक दिलाया है। मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनने का गौरव हासिल किया। उन्होंने मिक्स्ड टीम इवेंट में अंबाला के सरबजोत के साथ भी कांस्य पदक जीता। मनु भाकर ने एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतकर नया कीर्तिमान भी स्थापित किया। हरियाणा सरकार खेलों को लेकर कितना संजीदा है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां अलग-अलग खेलों के लिए एक्सीलेंस सेंटर बनाए गए हैं, वहीं खेल नर्सरियां, व्यायाम शालाएं खोली गई हैं। वहीं स्कूलों से ही खिलाडिय़ों की प्रतिभा निखारने के लिए कई तरह के कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा खिलाडिय़ों की प्रतिभा को तराशा जा रहा है।

पौधे लगाकर संरक्षण करने से एक पेड़ मां के नाम अभियान की परिकल्पना होगी साकार : वन एवं पर्यावरण मंत्री
वन, पर्यावरण एवं वन्यजीव राज्य मंत्री संजय सिंह ने इससे पूर्व देशभर में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उनका संरक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण करके ही सही मायने में एक पेड़ मां के नाम अभियान की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में एक पेड़ मां के नाम से एक अनूठे अभियान की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री ने कहा था कि जितना सम्मान हम अपनी जन्म देने वाली मां को देते हैं, उतना ही सम्मान हमें हमारा पालन पोषण करने वाली धरती मां को भी देना होगा। अपनी मां के नाम पौधा लगाने से मां का तो सम्मान होगा ही, साथ ही धरती मां की भी रक्षा होगी।

जिला का एक-एक व्यक्ति 16 को प्लांटेशन ड्राइव में बने भागीदार : संजय सिंह

वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में शुक्रवार 16 अगस्त को एक दिवसीय राज्यव्यापी पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक जिले में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह के कुशल नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपित किए जा रहे हैं। जिला में इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति 16 अगस्त को पौधा रोपित करते हुए अभियान में सहभागी बने।इस अवसर पर भाजपा नेता प्रीतम चौहान, सीटीएम लोकेश कुमार, डिप्टी सीईओ अंकित चौहान, बीईओ सतपाल धूपिया, महेंद्र यादव, प्राचार्य डा. रामफल शास्त्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।