Rewari News : बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का किया आह्वान

0
74
The condition of Haryana will change, now we will bring Kejriwal's message to every home, called for
गोपाल देव चौक स्थित कार्यालय में आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते रेवाड़ी विस प्रभारी।

(Rewari News) रेवाड़ी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नियुक्त किए गए रेवाड़ी विधानसभा प्रभारी पंजाब के सौरव बहल व पुनित ओरही ने रविवार को गोपालदेव चौक स्थित सुनील यादव ठेकेदार के कार्यालय में पार्टी के जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। प्रभारी ने सभी से बदलेंगे हरियाणा का हाल, अब लाएंगे केजरीवाल के संदेश तथा पार्टी की रीति-नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए तैयारियों में कमर कसकर जुट जाने का आह्वान किया।

पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रेवाड़ी विस प्रभारी सौरव बहल ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ हरियाणा में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी से घबराई भाजपा सरकार ने पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को झूठे केस में फंसाकर बेशक गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तथा दुनिया जानती है कि आप पार्टी से भाजपा पूरी तरह घबराई हुई है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेहतरीन सरकार चलाकर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने वाली आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनाने का कार्य किया है और अब हरियाणा की बारी है। सभी दलों की सरकारें देख चुकी हरियाणा इन पार्टियों से दुखी है तथा आम आदमी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है।
प्रभारी पुनित ओहरी ने कहा कि आप पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल में हरियाणा में धुआंधार प्रचार अभियान चलाया हुआ है। जिसके तहत वे सभी जिलों का दौरा कर रही है।

लोगों का भारी सहयोग व समर्थन उन्हें प्राप्त हो रहा है, विशेषकर महिलाओं की उमड़ रही भीड़ बड़े बदलाव का संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से सुनील यादव ठेकेदार पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रत्येक गांव-गांव व मौहल्ला में जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराएं। उन्होंने सभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इस मौके पर सुनील यादव ठेकेदार ने कहा कि रेवाड़ी में आम आदमी पार्टी मजबूत स्थिति में हैं। उनके दादा ने वर्तमान विधायक चिरंजीव राव के दादा को पराजित किया था। राजनीति उन्हें विरासत के रूप में मिली है तथा वे पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। उन्होंने पार्टी प्रभारियों को विश्वास दिलाया कि रेवाड़ी से सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे तथा यह सीट पार्टी की झोली में डालने का कार्य करेंगे।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष मदन सिंह, सुभाष अग्रवाल, संतोष यादव, सुबेदार विक्रम सिंह, कुलदीप शर्मा, कुलदीप यादव, मनोज अन्ना, कपिल कुमार, नेकीराम सरपंच, हरिओम सरपंच समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।