Rewari News : रेवाड़ी की बदहाली के जिम्मेवार लोगों को फूटी आंख नहीं सुहा रहा सफाई अभियान : लक्ष्मण

0
93
The cleanliness campaign is not pleasing the people responsible for the poor condition of Rewari Laxman
शहर के उत्तम नगर में सफाई अभियान चलाते विधायक लक्ष्मण यादव।
  • शहर के वार्ड 12 में चलाया गया मेगा सफाई अभियान

(Rewari News) रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए जाने की मुहीम में तत्परता से जुटे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की अगुवाई में शनिवार को शहर के वार्ड संख्या 12 के उत्तम नगर में मेगा सफाई अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे चले इस सफाई अभियान के दौरान विधायक ने स्वयं हाथों में झाडू लेकर सफाई की तथा स्थानीय लोगों से खाली पड़े प्लाटों में कचरा नहीं फेंककर निर्धारित स्थान तथा नगर परिषद के वाहन में डालने की अपील की।

भाजपा नेता सज्जन यादव तथा भाजयुमो जिलाध्यक्ष निखिल मांढैया ने रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के वार्ड में पहुंचने फूलमालाओं तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया। इस दौरान काफी संख्या में युवाओं की टीम ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

वह भी अगर इस मुहीम में शामिल हो जाएंगे तो रेवाड़ी की कायापलट हो जाएगी

आई लव रेवाड़ी की थीम पर हाथों में झाडू उठाकर सफाई अभियान चलाने के उपरांत विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने की उनकी मुहीम अपने सार्थक अंजाम तक पहुंचने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उनके इस अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यक्ति की मानसिकता में जमी गंदगी को साफ करना है तथा सफाई के लिए जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी की बदहाली के लिए जिम्मेवार रहे लोगों को उनका यह अभियान फूटी आंख नहीं सुहा रहा है। उन पर कई तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों से कहा कि वह भी अगर इस मुहीम में शामिल हो जाएंगे तो रेवाड़ी की कायापलट हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि रेवाड़ी की जनता ने एक बड़े बदलाव के लिए उन्हें चुनकर चंडीगढ़ भेजा है और वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज रेवाड़ी बदलाव की डगर पर है। आने वाले समय में एक नई रेवाड़ी हम सभी को दिखाई देगी। इस अवसर पर रेवाड़ी को स्वच्छ बनाने संबंधी शपथ दिलाई गई तथा सफाई योद्धाओं को सम्मानित भी किया गया।

Rewari News : डीटीपी के पंजे ने दो एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कालोनी के निर्माण गिराए