Rewari News : अपना खाता चेक करने के उपरांत ही दूसरों से हिसाब मांगे पूर्व मुख्यमंत्री : लक्ष्मण

0
125
Former Chief Minister should ask for accounts from others only after checking his account: Laxman
विधायक लक्ष्मण यादव।

(Rewari News) रेवाड़ी। धन्यवाद सभा के जरिये रेवाड़ी में भाजपा से दस साल का हिसाब लेने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस व पूर्व मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल के दस का हिसाब क्षेत्र की पीडि़त जनता को दें। भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी कांग्रेस व हुडा कार्यकाल के दौरान बरती गई घोर अनियमितताओं का खामियाजा जनता को आज भी भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हुड्डा व कांग्रेस पहले अपना खाता चेक करें उसके बाद किसी दूसरे से हिसाब मांगे।

कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि भाजपा से हिसाब मांगने से पहले पूर्व सीएम अपने कार्यकाल का हिसाब दें, क्योंकि क्षेत्र की जनता उनसे हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम अहीरवाल के टुकटे करने का हिसाब दिया जाए।

कोसली का आरओबी पुल करीब दो साल में ही ध्वस्त हो गया। इसके निर्माण में किस ठेकेदार व नेता ने कितना माल खाया, इसका जबाव पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दें। इसकी जांच में ही 65 लाख का खर्चा आ गया। अब भाजपा सरकार इसे दोबारा से 13.5 करोड़ की लागत से बना रही है। कांग्रेस की करतूतों से लोग भारी परेशानी झेलते हुए रोज कांग्रेस सरकार से हिसाब मांग रहे हैं।

कोसली विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार में अहीरवाल क्षेत्र में कितनी नौकरी दी गई तथा रोहतक में कितनी नौकरियों दी गई, इसका भी श्वेत पत्र जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का किसान भी पूर्व मुख्यमंत्री से हिसाब मांग रहा है कि उन्हें मुआवजा के नाम पर दो-दो तथा पांच-पांच रुपये के चेक दिए जाते थे व उनके साथ क्रूर मजाक किया जाता था। किसानों के बाजरे का एक दाना भी हुड्डा सरकार ने नहीं खरीदा, जबकि भाजपा सरकार ने एमएसपी बढ़ाने के साथ-साथ किसान के बाजरे का एक-एक दाना खरीदने का भी काम किया। किसान उसका भी हिसाब मांग रहा है।

श्री यादव ने कहा कि जेएनएल का दक्षिण हरियाणा को मिलने वाला पानी पीछे ही रोक दिया गया, उसका हिसाब भी क्षेत्र की जनता मांग रही है। कांग्रेस के राज में दिए जाने वाले पानी की तुलना में आज कई गुणा पानी इस क्षेत्र को भाजपा सरकार ने देने का काम किया है।

वहीं महेंद्रगढ़ कैनाल में कांग्रेस सरकार तीन सौ से साढे तीन सौ क्युसिक पानी दे रही थी, वहीं भाजपा सरकार अब 1100 क्युसिक पानी दे रहा है, इसका हिसाब भी कांग्रेस जनता को दें। कांग्रेस राज में क्षेत्र की सारी नहरें टूटी पड़ी थी। कांग्रेस समय में सिंचाई मंत्री ने केवल अपने खेतों तक पानी ले जाने का काम किया, उसका भी जवाब पूर्व मुख्यमंत्री इस क्षेत्र को दें। इसके विपरीत भाजपा शासन में आज सभी नहरें दुरुस्त हैं तथा सभी में पानी आ रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बनाई गई आईटीआई में जमकर अनियमितताएं बरतते हुए कितना माल कमाया गया। जिनके छज्जे गिर रहे हैं, उन्हें बार-बार रिपेयर कराया जा रहा है। गुरावड़ा कॉलेज में कितना भ्रष्टाचार हुआ है, उसकी डेंट-पेंट करके गुजारा करना पड़ रहा है। नाहड़ कॉलेज में बनाया गया हॉल जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। जनता यह सवाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में किस तरह नौकरियां बंटती थी। केवल नेताओं के रिश्तेदार ही एचसीएस, तहसीलदार व अधिकारी लगते थे, जनता उसका हिसाब मांग रही है।

कोसली विधायक ने कहा कि हुड्डा शासन में किसानों की जमीन को सेक्शन चार, छह व नौ के नोटिस का भय दिखाकर औने-पौने दामों में हड़पने का काम कांग्रेस सरकार द्वारा किया गया, उसका भी हिसाब दिया जाए। इसके अलावा एनएच-71 को बनाते समय झज्जर जिले के बाद रेवाड़ी जिले के लोगों के मकानों, जमीनों, स्कूलों आदि को तोड़ दिया गया। लोग उसका भी हिसाब-जवाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि दूसरों से जवाब मांगने से पहले कांग्रेस को अपने खातों का हिसाब जनता का देना होगा।