Rewari News : कांग्रेस का एजेंडा प्रदेश को लूटना, भाजपा का मिशन हरियाणा की तरक्की : बडोली

0
42
Congress's agenda is to loot the state, BJP's mission is Haryana's progress: Badoli
जाट धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारीगण।

(Rewari News) रेवाड़ी। स्थानीय जाट धर्मशाला में आयोजित अभिनंदन समारोह में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडोली ने कहा कि आपसी लड़ाई में उलझी कांग्रेस का प्रदेश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस का एजेंडा सत्ता पर काबिज होकर भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देना है, जबकि भाजपा का प्रदेश के विकास के मिशन पर कार्य कर रही है।  विधानसभा चुनाव में हरियाणा के मतदाता कांग्रेस को झूठ बोलने की सजा भी देंगे और तीसरी बार सीएम सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार भी बनाएंगे।

अभिनंदन समारोह में रेवाड़ी पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडोली का यहां पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों के साथ उन्होंने कहा कि हरियाणा के जन-जन ने तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का मन बना लिया है। कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए बडोली ने कहा कि चुनाव में समय कम बचा है इसलिए सभी कार्यकर्ता दिन रात कमल का फूल खिलाने में जुट जाएं।

इस मौके पर अपने संबोधन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर ही भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से हरियाणा में कमल खिलेगा और नायब सैनी मुख्यमंत्री बनेंगे।

कैबिनेट मंत्री डा. बनवारी लाल ने भी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नायब सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान हित में अनेकों काम कर रही है। हर गरीब को घर, फ्री बिजली, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, आष्युमान और चिरायु कार्ड योजना के तहत फ्री में इलाज और राशन देने का काम भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि नायब सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और मतदाताओं को भाजपा के प्रति प्रेरित करें। जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को विश्वास दिलाते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से रेवाड़ी जिला की सभी विधानसभाओं में कमल का फूल खिलेगा।

अभिनंदन समारोह और कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंडित मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार 10 वर्षों से हरियाणा के लोगों की सेवा कर रही है। पूरे देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य बना है जहां के किसानों की सभी फसलें सरकार एमएसपी पर खरीद रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 1 लाख 45 हजार से अधिक युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां दी है। 1 लाख 20 हजार अनुबंधित कर्मचारियों को पक्का करने का काम नायब सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गरीब महिलाओं के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर की घोषणा करके बड़ी राहत दी है। भाजपा सरकार ने प्राकृतिक आपदा से खराब होने वाली फसलों का मुआवजा भी 12 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया है। गरीबों को हक भाजपा सरकार ने ही दिया है।

भाजपा का उम्मीदवार ही जीतेगा राज्यसभा की सीट

एक अन्य सवाल पर पंडित मोहन लाल ने कहा कांग्रेस की फितरत झूठ बोलने की रही है। लोकसभा चुनाव में 5 सीटें जीतकर कांग्रेस खुश हो रही है वह झूठ का नतीजा है। काठ की हांडी एक बार चढ़ती है। इस बार विधानसभा चुनाव में जनता 2014, 2019 की तरह ही कांग्रेस का सूपड़ा साफ  कर देगी। राज्यसभा की सीट के लिए हो रहे चुनाव पर मोहन लाल बडोली ने कहा कि हमारे पास पूर्ण रूप से बहुमत है और राज्यसभा का चुनाव भाजपा का उम्मीदवार ही जीतेगा।

इस मौके पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, जिला प्रभारी नसीम अहमद,चैयरमेन कृष्ण इंजीनियर, पूर्व मंत्री विक्रम ठेकेदार, डा. अरविन्द यादव, पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास, पारिसा शर्मा, डा. सतीश खोला, पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव, रत्नेश बंसल, सिंहराम महलावत, भीमसेन अग्रवाल, चैयरमेन कैलाश भगत, नगर परिषद् चैयरपर्सन पूनम यादव, वाईस चैयरमैन श्याम चुग, प्रशांत यादव सन्नी, हुकमचन्द यादव, प्रीतम सिंह चौहान, वीर कुमार यादव, सत्यदेव यादव, ईश्वर चनीजा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।