
- गांव बास बटोडी में कानूनी जागरूकता सेमिनार का हुआ आयोजन
(Rewari News) रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सौजन्य से क्षेत्र के गावँ बास बटोडी स्थित शहीद होशियार सिंह उच्च विद्यालय में कानूनी जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह, पोक्सो एक्ट के साथ साथ बच्चों के लिए सरकार द्वारा दी जाने वाली विभिन्न कल्याणकारी योजनाओ की जानकारी दी।
इस मौके पर जिला बाल कल्याण समिति की सदस्या ऊषा रूस्तगी ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ साथ सामाजिक जागरूकता का होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह ना केवल कानूनी अपराध अपितु एक सामाजिक बुराई भी है। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार लड़कियों की विवाह योग्य आयु 18 वर्ष है जबकि लडक़ों की 21 वर्ष है। उन्होंने पोक्सो एक्ट व बैड टच-गुड टच के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी तरह की चाइल्ड एब्यूज की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दे सकते हैं जिसमे शिकायतकर्ता की जानकारी गुप्त रखी जाती है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप यादव ने साइबर क्राइम के बारे में जानकारी देते हुए इसकी जानकारी दूरभाष संख्या 1930 पर देने की बात कही। सेमिनार को एडवोकेट सीमा यादव, हेमन्त राठी व नरेश कुमार ने भी सम्बोधित किया। स्कूल के मुख्याध्यापक ने सभी का आभार जताते हुए समय समय पर इस तरह के सेमिनार के आयोजन पर बल दिया।
Rewari News : रेवाड़ी को जल्द मिलेगा ब्वॉयज कॉलेज का भवन