Himachal News : राजस्व मंत्री ने दो दिवसीय रेडक्रॉस मेले का किया शुभारंभ‌ 

0
72
राजस्व मंत्री ने दो दिवसीय रेडक्रॉस मेले का किया शुभारंभ‌ 
राजस्व मंत्री ने दो दिवसीय रेडक्रॉस मेले का किया शुभारंभ‌ 
Himachal News (आज समाज)रिकांगपिओ। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि जिला रेडक्रॉस संस्था जरूरतमंदों एवं उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि इस संस्था के कार्यों को बढ़ावा दें ताकि मानवता की सेवा संभव हो सके और सभी को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर अंशदान करना चाहिए। वे जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के सभी कमजोर वर्गों के उत्थान एवं कल्याण के प्रति वचनबद्ध है तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के माध्यम से राज्य के 06 हजार अनाथ बच्चों को लाभ प्रदान किया जा रहा है।
राजस्व मंत्री ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत राज्य सरकार द्वारा जनजातीय जिला के लोगों को उनकी अपनी भूमि का मालिकाना हक मिला है और यह अधिनियम तत्कालीन कांग्रेस सरकार में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन है। इसके अलावा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 भी उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार की देन है जिसके माध्यम से आम आदमी को सशक्त बनाया गया है तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है। उन्होंने बताया कि नौ-तोड़ अधिनियम-1968 भी कांग्रेस सरकार में रहे मुख्यमंत्री स्वर्गीय यशवंत सिंह परमार की देन है।