Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में शराब पीने से रोकने पर रिटायर्ड फौजी ने मां की गोली मारकर हत्या की

0
87
Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में शराब पीने से रोकने पर रिटायर्ड फौजी ने मां की गोली मारकर हत्या की
Charkhi Dadri News: चरखी दादरी में शराब पीने से रोकने पर रिटायर्ड फौजी ने मां की गोली मारकर हत्या की

लोहरवाड़ा निवासी सुनील ने सेना से ले रखी है स्वैच्छिक रिटायरमेंट
Charkhi Dadri News (आज समाज)चरखी दादरी: जिले के एक गांव में भारतीय सेना से रिटायर्ड फौजी द्वारा अपनी मां की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी शराब पीने का आदी है। आरोपी के हर रोज शराब पीने से उसकी मां परेशान थी। वह उसे शराब पीने से रोकती थी। इसी बात को लेका दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। रविवार रात को भी आरोपी की मां ने उसे शराब पीने से रोका था। इसी बात से गुस्से में आकर रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक फायर कर मां को मौत की नींद सुला दिया।

घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। परिवार के लोग खून से लथपथ हालत में महिला को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। सदर थाना एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि फायरिंग हुई है, जिसमें महिला की मौत हुई है। अभी परिवार के लोगों की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है।

आरोपी के पिता भी थे फौज में

ग्रामीणों के मुताबिक लोहरवाड़ा निवासी सुनील ने सेना से स्वैच्छिक रिटायरमेंट ले रखी है। वह शराब पीने का आदी है। उसके पिता मुख्तयार सिंह भी फौज में थे। उसकी पेंशन सुनील की मां चंद्रो देवी (77) लेती है। रविवार शाम को सुनील को घर में लोगों ने शराब पीने पर टोका था। कहासुनी के बाद सुनील घर वालों से झगड़ने लगा। वह कमरे में रखी अपनी लाइसेंसी बंदूक उठाकर लाया।

चंद्रो देवी के सीने में लगी गोली

उसकी मां चंद्रो देवी ने उसे छुड़ाने की कोशिश की। सुनील ने एक के बाद एक 2 फायर किए। एक गोली उसकी मां के सीने में जा लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर जा गिरी। घटना के तुरंत बाद सुनील घर से फरार हो गया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग तुरंत घर पर पहुंचे। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

ये भी पढ़ें : हरियाणा निकाय चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को नहीं मिलेगा हेलीकॉप्टर का निशान