सीएम नायब सैनी ने दी खाली पदों को भरने की अनुमति
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में जल्द ही आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के खाली पदों पर भर्ती होगी। सीएम नायब सैनी ने खाली पदों को भरने की अनुमति दे दी है। अब जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्करों के 2, 549 व हेल्परों के 4,439 पदों पर भर्ती होगी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है के यह भर्ती जिला स्तर पर होगी या प्रदेश स्तर पर।

विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने सरकार से पूछा था कि, प्ले-वे में हेल्परों, वर्करों और सुपरवाइजरों की जिलेवार पदों की मंजूरी और वर्तमान में संख्या कितनी है। खाली पदों को कब तक भरे जाने की संभावना है। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जल्द खाली पदों को भरने की बता कही थी।

सुपरवाइजर के 101 पदों पर भी होनी है भर्ती, आयोग को भेजी डिमांड

सुपरवाइजरों के रिक्त पदों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा भरा जाता है। विभाग द्वारा पहले ही दिसंबर 2022 और जून 2024 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को 101 रिक्त पदों की मांग भेजी जा चुकी है। जैसे ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग से नियुक्ति की रिकमेंडेशन मिलेगी, सुपरवाइजरों के रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।

आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों को इतना मिलता है मानदेय

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाली आंगनबाड़ी वर्करों को वर्तमान में 14,750 रुपए मानदेय मिल रहा है। 10 वर्ष से कम अनुभव वाली आंगनबाड़ी वर्करों को 13,250 रुपए मानदेय दिया जा रहा है। इसके अलावा, आंगनबाड़ी हेल्परों को 7,900 रुपए मानदेय दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा में 42 आईपीएस और 13 एचपीएस अधिकारियों को बदला

यह भी पढ़ें : फैक्ट फाइंडिंग कमेटी करेंगी हरियाणा श्रम विभाग में घोटाले की जांच