Punjab CM News : जमीनी हकीकत नहीं जानते रवनीत बिट्टू : मान

0
20
Punjab CM News : जमीनी हकीकत नहीं जानते रवनीत बिट्टू : मान
Punjab CM News : जमीनी हकीकत नहीं जानते रवनीत बिट्टू : मान

कहा, भाजपा नेता को खेती की नहीं जानकारी, केवल बेबुनियाद बातें करते हैं

Punjab CM News (आज समाज), चंडीगढ़ : धान खरीद को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा दिए जा रहे बयानों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनपर तंज कसा है। मान ने कहा कि धनाढ्य परिवारों से आने वाले नेता राज्य की जमीनी हकीकत से अवगत नहीं होते। मान ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू यह नहीं जानते की प्रदेश में वास्तविक हालात क्या हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन मंडियों में बिताया है और वहां किसानों-मजदूरों को आने वाली समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। इसके विपरीत, अमीर और विशेषाधिकार प्राप्त बिट्टू को खेती के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री को बेबुनियाद बातें करने के अलावा कुछ नहीं आता।

आम चुनावों से भाग गए शिअद अध्यक्ष

अकाली दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नेता 10 साल पहले 25 साल शासन करने का सपना देखते थे, वे अब राज्य में आम चुनाव लड़ने से भी भाग गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि जत्थेदार साहिब ने कभी भी अकालियों को चुनाव लड़ने से नहीं रोका, परंतु हार के डर से उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि चापलूस अकाली सुखबीर को कमांडर बता रहे हैं, जबकि उनके नेतृत्व ने 125 साल पुरानी पार्टी को बर्बाद कर दिया है।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाब को जल्द हो डीएपी की आपूर्ति : सीएम

बिना मतलब का विरोध अच्छा नहीं

मुख्यमंत्री ने किसान यूनियनों को यह भी सलाह दी कि किसी भी चीज की अति हानिकारक होती है और लगभग हर दिन बिना किसी कारण सड़क जाम करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही आढ़तियों की समस्याओं का समाधान कर चुकी है और मिलरों के मुद्दों को केंद्रीय सरकार के समक्ष मजबूती से उठा रही है, जिससे खरीद प्रक्रिया में तेजी आई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि सीजन के दौरान लोगों को असुविधा पहुंचा रहा आंदोलन अनुचित है। उन्होंने आगे कहा कि अगर केंद्र सरकार ने जून 2025 तक मिल मालिकों की फसल का भुगतान नहीं किया तो राज्य सरकार अपने स्तर पर कदम उठाएगी।

ये भी पढ़ें : Punjab Bypoll 2024 Update : विस उपचुनाव में गिद्दड़बाहा बनी हॉट सीट

ये भी पढ़ें : Delhi Crime : आतंकी बलजीत सिंह दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार