बीजिंग। चीन के सिचुआन प्रांत में भूस्खलन का कहर बरसा है जिसमें 9 लोगों की मौत हो चुकी है और 35 लोगों के लापता होने की आशंका है। अब तक यहां भूस्ख्लन से की बहुत सी घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक यहां अचानक आई बाढ़ की वजह से एक 33 वर्षीय अग्निशमन कर्मी की भी मौत हुई है। अग्निशमन दस्ता भूस्खलन से प्रभावित लोगों की मदद के लिए गया था। सिचुआन दमकल एवं बचाव अधिकारियों ने कहा कि एक अन्य अग्निशमन कर्मी का इलाज चल रहा है जो गंभीर रूप से घायल हो गया था। वेनचुआन के पर्वतीय क्षेत्र अबा तिब्बत और कियांग स्वायत्त क्षेत्र से करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
सिचुआन की राजधानी चेंगदू में लगातार बारिश और भूस्खलन की घटनाओं की वजह से कई घरों में बिजली की आपूर्ति ठप है, पुल क्षतिग्रस्त हैं और रास्ते बाधित हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लोकप्रिय पर्यटन स्थलों से पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए 20 बसें और दो हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं।