Aaj Samaj (आज समाज),Rain In Panipat,पानीपत : जिला में शनिवार देर रात शुरू हुई बरसात रविवार को भी जारी रही। वहीं एक लम्बे इन्तजार के बाद हुई बरसात से जहां लोगों को गर्मी से निजात मिली है, किसानों के चेहरे भी खिले हैं तो दूसरी ओर गांवों व शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है। अनुमान है कि पांच घंटों में 15 एमएम बरसात हुई है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार वह 12 एमएम बरसात का पानी प्रति घंटा निकालने में सक्षम हैं। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय के बाहर ही पानी भरा है। वहीं अंडरपास में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। शहर के गत रोड, बस स्टैंड , इंसार बाजार, एसडी कॉलेज रोड, होली पार्क सहित हर मुख्य मार्ग पर जल भराव की स्थिति बनने से लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की वजह से तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

 

 

गुरुद्वारा रोड पर भरा पानी

पहली बारिश ने जल निकासी के दावों की पोल खोल दी

पानीपत में भी पहली बारिश ने जल निकासी के दावों की पोल खोल दी है। शहरी क्षेत्र में जलभराव से जहां लोग परेशान दिखे तो वहीं ग्रामीण इलाकों में किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों ने पहली बारिश के साथ ही धान रोपाई का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। मौसम विशेषज्ञों ने अगले दो दिन तक बारिश की उम्मीद जताई है। रविवार अल सुबह तीन बजे बारिश शुरू हुई। दोपहर तक लगातार जारी रही।

 

हाली पार्क के पास भरे पानी के बीच से गुजरता बाइक सवार

 

डीसी के निर्देश के बाद भी पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं कर सके

डीसी वीरेंद्र कुमार दहिया ने एक महीने पहले शहर का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया था। नगर निगम अधिकारी डीसी को भरोसा देने के बाद भी पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं कर सके। नतीजा शहर में जीटी रोड और मुख्य बाजार में कई फीट तक पानी भर गया। नगर निगम के सब दावों की बरसात ने पोल खोल दी। सीवर और नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। समालखा में सर्विस लेन पर पानी भरा है। इसराना में सबसे ज्यादा 90 एमएम, पानीपत ब्लॉक में सुबह आठ बजे तक 52 एमएम और समालखा में 74 एमएम बरसात दर्ज की गई।