Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी

0
47
हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी
हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी

Himachal Weather (आज समाज), शिमला : प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग द्वारा बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी करने के बाद बादल लगातार बरस रहे हैं। बारिश का सिलसिला शुक्रवार रात से शुरू हुआ और यह शनिवार को भी जारी था। हालांकि इस दौरान पूरे प्रदेश में किसी तरह के बादल फटने अथवा जानी नुकसान की सूचना अभी नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को नाहन में 168.3, संधोल 106.4, नगरोटा सूरियां 93.2, धौलाकुआं 67.0, जुब्बरहट्टी 53.2, कंडाघाट 45.6, धर्मशाला 13.0, कांगड़ा 12.6 व नारकंडा में 19.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

16 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी राज्य के कई भागों में भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला में भी धुंध छाई हुई है। 11 से 16 अगस्त तक कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से प्रदेश में 50 से अधिक सड़कें व पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। कई भागों में बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे पर निगुलसरी में ऊपरी पहाड़ी का दरकना जारी है। भूस्खलन से शुक्रवार को 20 घंटे एनएच ठप रहा। इससे हजारों लोग परेशान रहे।

सरकार ने जारी की एडवाइजरी

प्रदेश सरकार ने किसी भी तरह के संभावी जानमाल के नुकसान से बचने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सुरक्षित यात्रा की अपील की है। सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में पर्यटकों को हिमाचल आने से पहले मौसम की जानकारी लेने को कहा गया है। इसके साथ ही खराब मौसम में प्रदेश में न आने की अपील की गई है। वहीं स्थानीय लोगों से भी यह कहा गया है कि वे नदी, नाले व गहरे स्थानों के नजदीक न जाएं। इसके साथ ही उन मार्गों का यात्रा के लिए प्रयोग न करें जहां पर भूस्खलन की संभावना जताई गई हो।