Aaj Samaj (आज समाज), Rain Alert In North India, नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून के कहर के बाद अब भी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल बाढ़ की चपेट में है। दिल्ली के राजघाट, आईटीओ और मयूर विहार जैसे कई इलाके अब भी जलमग्न है। इस बीच मौसम विभाग ने फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में आज से अगले कुछ दिन तक बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली में इस पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उधर यमुना अब मथुरा में उफान पर है। 45 वर्षों बाद यमुना के पानी ने ताजमहल की दीवार को छू लिया है।

  • दिल्ली में यमुना का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर

1978 में यमुना का पानी ताजमहल के तहखाना तक पहुंचा था

आगरा में दक्षिणी किनारे पर स्थित एत्माद्दौला की कोठरियों में एक से डेढ़ फीट ऊंचाई तक पानी भर गया है। ताजमहल के पार्श्व में यमुना किनारे बनाए गए उद्यान में पानी भर गया। इससे पूर्व 1978 की बाढ़ में यमुना का पानी ताजमहल के तहखाना तक पहुंच गया था। नदी का का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और शहर के अन्य सीमावर्ती गांवों में पानी भर गया है जिसको लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

नई दिल्ली में लाल किले के पास युमुना नदी के उफान के बाद चल रहे जल निकासी कार्य का निरीक्षण करतीं दिल्ली लोक निर्माण विभाग की मंत्री आतिशी।

यूपी : गढ़मुक्तेश्वर में गंगा के जलस्तर 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

दिल्ली में यमुना का जलस्तर अब भी खतरे के निशान (205.33 मीटर) से ऊपर है। दिल्ली में भी तीन दिन तक मध्य स्तर की बारिश होने की संभावना है। उधर उत्तर प्रदेश के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा का जलस्तर भी े13 साल बाद पीले निशान के पार हो गया है। ब्रजघाट में गंगा का पानी आरती स्थल के पास बनी सीढ़ियों के पास तक पहुंच गया है। राज्य के अधिकांश जिलों में कल बादलों की मौजूदगी तो रही, मगर तेज बारिश नहीं हुई। नदियों का जलस्तर बढ़ना-घटना जारी है।

हिमाचल : राज्य के कई जिलों में संडे को बारिश हुई

हिमाचल प्रदेश में भी रविवार को कई जिलों में वर्षा हुई। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में भारी वर्षा का अनुमान है। इस दौरान कुछ जगह बादल फटने और अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है।
रोहड़ू के मनखून में बादल फटने से सड़कों व सेब के बागीचों को नुकसान पहुंचा है। जाहलमा नाला फिर उफान पर है, जिससे चंद्रभागा नदी में बनी झील का दायरा बढ़ गया है। मंडी में घर की छत गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। मनाली में ट्रेकिंग पर गए दो लोगों के बर्फ में दबे शव मिले हैं।

उत्तराखंड : राज्य में अधिकतर नदियां उफान पर

उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते नदियों का जलस्तर अत्याधिक बढ़ गया है। ऐसे में रविवार को श्रीनगर बांध से पानी छोड़ना पड़ा, जिससे ऋषिकेश और हरिद्वार समेत मैदानी क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर हो गई। ऋषिकेश में गंगा खतरे के निशान के पास बह रही है। वहीं, रातभर हुई वर्षा के कारण चारधाम यात्रा से जुड़ा हाईवे रविवार सुबह कई स्थान पर बाधित रहा। बदरीनाथ और हेमकुंड यात्रा पर आए 1500 से अधिक तीर्थयात्री हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे।

यह भी पढ़ें :   

Connect With Us: Twitter Facebook