मौसम विभाग ने जताई प्रदेश के 11 जिलों में बारिश होने की संभावना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज भी हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलाने का भी अनुमान जताया है। बारिश को लेकर अंबाला और यमुनानगर में रेड अलर्ट है, जबकि हिसार, भिवानी, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, करनाल और पंचकूला में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। इसी बीच आज सुबह 5 बजे सोनीपत में तेज बारिश हुई। इस दौरान बादल गरजे और बिजली चमकी। सुबह से यही हाल पलवल, फरीदाबाद और झज्जर में भी है। साथ ही सिरसा के नाथूसरी चोपटा में हल्की धुंध देखी गई।
ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान
वहीं, शुक्रवार को हिसार, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और महेंद्रगढ़ में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि देखने को मिली। इसके अलावा पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम और झज्जर में तेज बारिश हुई। ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है।
उत्तरी व पूर्व इलाकों बारिश की संभावना
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 1 मार्च तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज भी हरियाणा के उत्तरी व पूर्व इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ गेहूं विशेषज्ञ डॉ. ओपी बिश्नोई ने कहा कि तेज हवा चलने और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand Avalanche: चमोली जिले में माणा के पास एवलांच, 57 से 16 श्रमिक बचाए