कहा, उन्होंने सिख गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश के लोगों की सेवा की
Punjab CM News (आज समाज), अमृतसर : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे महान सिख गुरुओं के नक्शे-कदम पर चलकर लोगों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के विकास को और गति देने का प्रण लिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब में बड़ी तब्दीली देखी गई है और अगले दो वर्षों में राज्य हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करेगा।
मान ने आगे कहा कि 2022 में आज के दिन उन्होंने शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव में पदभार संभाला था। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने पंजाब विधानसभा में भारी बहुमत देकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि तब से उनकी सरकार ने पंजाब को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है।
प्रदेश के 90 प्रतिशत लोगों को मिल रही मुफ्त बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 2022 में लोगों को मुफ्त बिजली देने की गारंटी शुरू की थी और तब से राज्य के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और उन्हें शून्य बिजली बिल मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे गरीब घरों के लिए बड़ी बचत हुई है और आम आदमी की जेब से बड़ा बोझ कम हुआ है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ अन्नदाताओं को भी राज्य में मुफ्त और निर्बाध बिजली मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मार्च 2022 में पदभार संभाला था और कुछ महीनों बाद पंजाब को पछवाड़ा कोयला खदान से कोयले की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि राज्य ने निजी कंपनी जी.वी.के. पावर के स्वामित्व वाला गोइंदवाल पावर प्लांट खरीदकर इतिहास रच दिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहली बार यह उलटा रुझान शुरू हुआ है कि किसी सरकार ने कोई निजी पावर प्लांट खरीदा है, जबकि पहले राज्य सरकारें अपनी संपत्तियां चहेतों को कौड़ियों के भाव बेचती थी।
पंजाब में 94 हजार करोड़ रुपए निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और सद्भाव का माहौल पूरी तरह से बरकरार है, जो मुख्य रूप से राज्य के समग्र विकास और समृद्धि की नींव है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार के सख्त प्रयासों के कारण पिछले तीन वर्षों में अब तक राज्य में लगभग 94,000 करोड़ रुपए के निवेश के लिए रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील, सनातन टेक्सटाइल और अन्य प्रमुख कंपनियां राज्य में निवेश के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि कंपनियां अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए राज्य में शानदार बुनियादी ढांचा, बिजली, कुशल मानव संसाधन और बेहतर औद्योगिक और कार्य-अनुकूल माहौल का अधिकतम लाभ उठा रही हैं।
ये भी पढ़ें : PM Modi News : पाकिस्तान ने हमेशा हमें धोखा दिया : नरेंद्र मोदी
ये भी पढ़ें : Pakistan Breaking News : पाकिस्तानी सेना पर बलूच लड़ाकों का हमला