Punjab News : पंजाब विस स्पीकर ने किया हिमाचल विधानसभा का दौरा

0
123
पंजाब विस स्पीकर ने किया हिमाचल विधानसभा का दौरा
पंजाब विस स्पीकर ने किया हिमाचल विधानसभा का दौरा

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवा ने गत दिवस हिमाचल विधानसभा सचिवालय पहुंचकर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सभापति कुलवंत सिंह पंडोरी, पंजाब विधानसभा की याचिका समिति के सभापति मंजीत सिंह बिलासपुर तथा पूर्व विधायक अमरजीत सिंह संधवा भी मौजूद थे। इस दौरान पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवा ने पंजाब विधानसभा की संसदीय प्रणाली व क्रिया कलापों की विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को जानकारी दी।

इस अवसर पर बैठक में मौजूद पंजाब विधानसभा की दोनों समितियों के सभापति ने पंजाब विधानसभा की समितियों की कार्यप्रणाली तथा आंतरिक प्रक्रिया के बारे भी पठानिया को अवगत करवाया। बैठक उपरांत पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान तथा दोनों समितियों के सभापति ने सदन को भी देखा। इस अवसर पर सदन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उन्हें ई-विधान प्रणाली तथा कौंसिल चैम्बर के गौरवशाली इतिहास, हिमाचल प्रदेश विधानसभा की उच्च परम्पराओं तथा इसकी गरिमा के बारे जानकारी दी। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष ने कुलदीप पठानिया की भवन के रख-रखाव के लिए भरपूर प्रशंसा की तथा ई-विधान प्रणाली की बधाई भी दी।

उसके पश्चात दोनों विधान सभाओं के अध्यक्षों ने हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू से सचिवालय पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें पंजाब विधानसभा की कार्यप्रणाली तथा क्रिया-कलापों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने दोनों अध्यक्षों को शॉल व टोपी भेंटकर सम्मानित किया और हिमाचल तथा पंजाब राज्य के कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर पठानिया ने कहा कि पंजाब तथा हिमाचल प्रदेश का गहरा नाता रहा है तथा 1 नवम्बर 1966 से पहले कांगड़ा और पहाड़ी क्षेत्र का काफी हिस्सा पंजाब में सम्मिलित था।