Punjab News : शिकायत निवारण रैंकिंग में पंजाब देशभर में अग्रणी

0
33
शिकायत निवारण रैंकिंग में पंजाब देशभर में अग्रणी
शिकायत निवारण रैंकिंग में पंजाब देशभर में अग्रणी

* सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पछाड़कर केंद्र सरकार के इंडेक्स में पंजाब बना नंबर-1

Punjab News (आज समाज)चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से शिकायत निवारण रैंकिंग में देशभर में अग्रणी स्थान प्राप्त करके एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है।

इस विशेष उपलब्धि के बारे में बताते हुए प्रशासकीय सुधार और जन शिकायत विभाग के मंत्री अमन अरोड़ा ने आज बताया कि यह रैंकिंग देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के तुलनात्मक मूल्यांकन के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित किए गए शिकायत निवारण इंडेक्स के आधार पर की गई है।

इस इंडेक्स में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का चुनाव मुख्य रूप से दो पहलुओं – शिकायतों का समयबद्ध निपटारा और निपटारे की गुणवत्ता के आधार पर किया गया है और इस इंडेक्स के लिए 1 जनवरी, 2024 से 30 जून, 2024 तक की अवधि का डेटा उपयोग किया गया है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की नागरिकों की समस्याओं का समय पर और प्रभावी ढंग से समाधान करने की वचनबद्धता को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि इस इंडेक्स के लिए सख्त मापदंड तैयार किए गए थे, जिनमें 30 दिनों के भीतर शिकायतों के निपटारे का प्रतिशत, शिकायतों के समाधान का प्रतिशत और नागरिक फीडबैक शामिल है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्राप्त 20,000 से अधिक शिकायतों में से 62.27% स्कोर के साथ पंजाब ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।