जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में ली लावां
डीएसपी के पद पर तैनात है मनदीप सिंह, हिसार की रहने वाली उदिता दूहन मॉडलिंग की भी शौकिन
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: पंजाब के हॉकी प्लेयर मनदीप सिंह और हरियाणा के हिसार की रहनेवाली वुमन हॉकी टीम की डिफेंडर उदिता दूहन आज शादी के बंधंन में बंध गए। दोनों ने आज जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में लावां ली। मनदीप सिंह पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर भी तैनात है। वहीं उदिता दूहन को मॉडलिंग का शौक है। भारतीय हॉकी टीम के स्ट्राइकर मनदीप सिंह पजांब के जालंधर के रहने वाले है। आज सुबह दोनों की शादी हुई।

इस दौरान दोनों के परिवार और भारतीय हॉकी टीम के कई खिलाड़ी मौजूद रहे। दोनों की शादी सिख रीति-रिवाज से हुई। एक दिन पहले मनदीप सिंह के घर पर प्री-वेडिंग फंक्शन हुआ। दोनों ने हरियाणवी पहनावे और हॉकी ड्रेस में फोटो क्लिक कराईं। मनदीप सिंह को हॉकी टीम की गोल मशीन कहा जाता है । वहीं उदिता महिला हॉकी लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी रही हैं। इसके अलावा वे मॉडलिंग भी करती हैं।

उदिता ने हैंडबॉल से शुरूआत, हॉकी में बनाया करियर

हरियाणा के हिसार जिले के नंगल गांव से ताल्लुक रखने वाली उदिता का जन्म 14 जनवरी 1998 को हुआ था। उन्होंने अपने खेल करियर की शुरूआत हैंडबॉल से की। बाद में उन्होंने हॉकी को अपनाया और इस खेल में खुद को साबित किया। 2017 में सीनियर टीम में डेब्यू करने के बाद उदिता ने कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए दमदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने 2018 एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल, 2022 कॉमनवेल्थ खेलों में ब्रॉन्ज मेडल, और 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। 2021 में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम के चौथे स्थान तक पहुंचने में उदिता की अहम भूमिका रही।

टोक्यो-पेरिस ओलिंपिक में टीम का हिस्सा रहे मनदीप सिंह

मनदीप सिंह का जन्म 25 जनवरी 1995 को पंजाब के जालंधर जिले के मिट्ठापुर गांव में हुआ। उन्होंने हॉकी की शुरूआत जालंधर की सुरजीत हॉकी एकेडमी से की। मनदीप सिंह अब तक 2 हॉकी विश्व कप 2014 और 2018 खेल चुके हैं।

2018 एशियाई खेल, 2018 राष्ट्रमंडल खेल, 2013 एशिया कप, 2014 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल, 2013 और 2017 हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल, और 2016 व 2018 चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा वह टोक्यो और पेरिस ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट रही इंडियन हॉकी टीम के मेंबर रह चुके हैं।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में इंस्पेक्टर भर्ती का मामला गरमाया