आज सुनाई जानी थी सजा
(आज समाज) हिसार: हरियाणा के हिसार की जेल में बंद एक कैदी ने बाथरूम में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी सुनील को एडीजे निशांत शर्मा की कोर्ट ने 13 मार्च को गंगवा गांव की महिला राममूर्ति की हत्या का दोषी करार दिया था। सुनील को आज सजा सुनाई जानी थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। यह मामला मार्च 2023 का है। पीड़िता के पति संतलाल ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 5 मार्च 2023 की रात करीब 11 बजे राममूर्ति पड़ोस में विनोद की मां और पत्नी से मिलने गई थी। वह रात 12:30 बजे घर लौटकर सो गई थी।
महिला की हत्या के आरोप में 2023 से जेल में बंद था सुनील
सुबह करीब 4 बजे राममूर्ति शौचालय गईं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर संतलाल ने सुबह 5 बजे बाहर जाकर देखा। राममूर्ति शौचालय के सामने बेहोश पड़ी थीं। उनके शरीर पर खरोंच के निशान थे और गले पर चोट के निशान थे। पीड़िता के हाथों और कानों में पहने सोने के गहने और पैरों में पहनी लगभग 12 तोला चांदी की पायजेब गायब थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी सुनील उर्फ शीला को गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में मैच फिक्सिंग करने पर होगी जेल