आज रोहतक पीजीआई में कराया जाएगा शव का पोस्टमार्टम
Jind News (आज समाज) जींद: जिला कारागार में बंद एक बंदी की गत दिवस संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। मृतक आत्महत्या के लिए मजबूर करने के केस में जिला कारागार में बंद था। पुलिस का कहना है कि हार्ट अटैक से बंदी की मौत हुई लेकिन परिजनों ने मौत पर संदेह जताया और मृतक के शव का पोस्टमार्टम जींद में करवाने से मना कर दिया।
सिविल लाइन पुलिस थाना प्रभारी विनोद ने कहा कि रविवार को जींद के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम विशेषज्ञ नहीं होने के कारण बंदी के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। आज रोहतक पीजीआई में मृतक के शव का पोस्टमार्टम होगा।
ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट की देखरेख में होगा पोस्टमार्टम
अब मृतक के शव का आज रोहतक पीजीआई में ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट की देखरेख में पोस्टमार्टम होगा, इसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। जानकारी के अनुसार रोहतक का 45 वर्षीय चांद नामक व्यक्ति के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस में साल 2021 में आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज हुआ था और इस मामले में जेल में बंद था।
21 मार्च को जेल में आया था चांद
चांद का केस विचाराधीन चल रहा था। चांद जमानत पर गया हुआ था और 21 मार्च को ही वापस जेल में लौटा था। रविवार को जेल कर्मियों द्वारा चांद को जींद के सिविल अस्पताल में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों का कहना है कि सुबह चांद की हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया।
चांद के मुंह से निकल रहा था तैलीय पदार्थ
आशंका है कि चांद की मौत हार्ट अटैक से हुई है। चांद की मौत की सूचना पाकर उसके परिजन भी जींद के सिविल अस्पताल पहुंच गए और चाद की मौत वर संदेह जताया तथा पोस्टमार्टम कराने से मना करते हुए विरोध जताया। मृतक चांद के परिजनों ने कहा कि उन्हें सयम पर सूचना नहीं दी गई। उसके मुंह से तैलीय पदार्थ निकला हुआ है। मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : हरियाणा की बॉक्सर बोलीं- मुझे दीपक से छुटकारा चाहिए
ये भी पढ़ें : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गाने बैन करने पर बवाल