Shimla News : हिमाचल पर प्रधानमंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण : कांग्रेस

0
33
हिमाचल पर प्रधानमंत्री का बयान दुर्भाग्यपूर्ण : कांग्रेस
Shimla News

प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जारी किया संयुक्त बयान

Shimla News (आज समाज), शिमला : प्रधानमंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर दिए गए बयान को प्रदेश कांग्रेस ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। इस संबंध में संयुक्त बयान जारी करते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री को गलत जानकारी देकर गुमराह किया और उनसे झूठ बुलवाया। प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च पद का सम्मान करते हुए भाजपा को उन्हें इस तरह की हल्की राजनीति में नहीं धकेलना चाहिए था। अच्छा होता, भाजपा नेता प्रधानमंत्री से आपदा राहत के 10 हजार करोड़ रुपए दिलाने के लिए प्रयास करते, लेकिन वे नकारात्मक राजनीति में व्यस्त हैं।

भाजपा की गलत नीतियों के कारण आर्थिक स्थिति खराब हुई

दोनों मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि पिछली भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति खराब हुई। जय राम ठाकुर सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम महीनों में राजनीतिक लाभ के लिए कई मुफ्त योजनाओं की शुरूआत की और 900 से अधिक संस्थान खोल दिए, जिससे राज्य के खजाने पर भारी दबाव पड़ा। इसके बावजूद, 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता ने भाजपा को नकार दिया और कांग्रेस को सत्ता सौंपी।

कांग्रेस सरकार को विरासत में 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां मिलीं। वर्तमान सरकार ने इन चुनौतियों से निपटने और कर्ज पर निर्भरता समाप्त करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं। राज्य में आर्थिक संकट नहीं है, बल्कि सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार सुधार कर रही है।

ये भी पढ़ें : Sanjauli Mosque Case : प्रदर्शनकारियों पर कसा पुलिस ने शिकंजा

ये भी पढ़ें : Himachal News : नकली शराब की बिक्री पर प्रदेश सरकार सख्त