Hisar News : हिसार पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बोली- गांव-गांव तक टेक्नोलॉजी पहुंचना जरूरी

0
91
Hisar News : हिसार पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बोली- गांव-गांव तक टेक्नोलॉजी पहुंचना जरूरी
Hisar News : हिसार पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बोली- गांव-गांव तक टेक्नोलॉजी पहुंचना जरूरी

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को प्रदान की डिग्रियां
राज्यपाल ने आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार को दी मानद उपाधि
(आज समाज) हिसार: देश के विकास के लिए गांव-गांव तक टेक्नोलॉजी पहुंचना जरूरी है। बदलती ग्लोबल डिमांड के अनुसार युवा पीढ़ी को तैयार करना उच्च शिक्षण संस्थानों के समक्ष चुनौती है। यह कहना है देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का। वह आज हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने पहुंची। इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा कि बहुत खुशी हुई कि डिग्री पाने वाली बेटियों की संख्या 60 फीसदी से अधिक है।

मेडल प्राप्त करने वालों में भी बेटियों की संख्या 75 फीसदी है। मैं बेटियों व उनके परिवार की सराहना करती हूं। यह देश के विकास में बढ़ती महिलाओं का प्रमाण है। गुरु जंभेश्वर महाराज एक महान संत व दार्शनिक थे। वैज्ञानिक सोच, नैतिक जीवन शैली के समर्थक थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को डिग्री और मेडल वितरित किए। राष्ट्रपति दोपहर 3.20 बजे वह प्रजापति ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।

गुरु जंभेश्वर की शिक्षाएं बहुत ही प्रासंगिक

उनका मानना था कि प्रकृति की रक्षा करना सभी जीवों के प्रति करुणा का भाव रखना, उनका संरक्षण करना मानव का नैतिक दायित्व है। गुरु जंभेश्वर की शिक्षाएं बहुत ही प्रासंगिक हैं। मुझे प्रसन्नता हुई कि 30 वर्ष की यात्रा में यहां के विद्यार्थियों व संकाय सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण शोध उपलब्धियां हासिल की हैं। यह सराहनीय है कि इन्कयूबेशन, स्टार्टअप के प्रोजेक्ट्स के लिए स्पेशल डिपार्टमेंट बनाया गया है। मुझे विश्वास है कि यह प्रयास विद्यार्थियों में इनोवेशन की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे।

नौकरी ढूंढने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बने

गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि डिग्री मिलने के अगले दिन से दिनचर्या बदल जाती है। बेटियां बहुत आगे बढ़ रही हैं। पीएचडी में 561 में से 351 लड़कियां व 210 लड़के हैं। अब ये अगले दिन से नौकरी ढूंढेंगे। मगर, नौकरी सबको नहीं मिलेगी। नौकरी उन लोगों को मिलेगी, जिनके पास उत्तम टेक्नोलॉजी है। टेक्नोलॉजी में आप जितना आगे बढ़ोगे, उतना ही तरक्की करेंगे। आप नौकरी ढूंढने वाले नहीं, नौकरी देने वाले होने चाहिए। वहीं गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय ने आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार को मानद उपाधि दी।

डिजिटल डिग्री देने वाला जीजेयू पहला विश्वविद्यालय

जीजेयू के वाइस चांसलर नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि स्टूडेंट्स को ई-मेल पर डिजिटल डिग्री पहुंच जाएंगी। डिजिटल डिग्री देने वाला जीजेयू प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है। आज पीएचडी की 561 डिग्रियों के अलावा 2090 डिग्री दी गई। 564 विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी मेडल दिए।

राष्ट्रपति को परोसा जाएगा हरियाणवी और राजस्थानी खाना

डिग्री और मेडल देने के बाद राष्ट्रपति जीजेयू के वीआई गेस्ट हाउस में लंच करेंगी। राष्ट्रपति को इसमें हरियाणवी और राजस्थानी खाना परोसा जाएगा। लंच में देसी घी का चूरमा, बाजरे की खिचड़ी, मिलेट्स से बनी रोटियां, राजस्थान की केर सांगरी की सब्जी, चावल की खीर, बथुए का रायता, मूंग दाल तड़का, लौकी की सब्जी, पालक कोर्न, गाजर मेथी मटर की सब्जी, उबली सब्जी, रेड एंड ब्राउन राइस, ग्रीन सलाद और दही और ताजा फल परोसे जाएंगे।

ये भी पढ़ें : Weather Update : इस सप्ताह मौसम रहेगा परिवर्तनशील, फिर शुरू होगा गर्मी का दौर