Palwal News: पलवल में गर्भवती महिला ने खुद को लगाई आग

0
147
पलवल में गर्भवती महिला ने खुद को लगाई आग
पलवल में गर्भवती महिला ने खुद को लगाई आग

Palwal News (आज समाज) पलवल: हरियाणा के पलवल में 19 वर्षीय विवाहिता ने घर में खुद को आग लगा ली। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। विवाहिता 4 माह की गर्भवती है। विवाहिता के पति भरतपाल ने बताया कि वह मोहना इलाके में एक बाइक शोरूम में काम करता है। बीते कल सुबह लगभग 9 बजे घर से काम करने के लिए निकल गया था। इसके बाद पत्नी अंजलि उसकी मां चंद्रकला से झगड़ा करके घर से निकल गई। पत्नी ने उसे फोन किया था। उसने कहा था कि मैं घर से बच्चे को लेकर जा रही हूं। भरतपाल ने कहा कि इसकी जानकारी पत्नी के भाई विजय को फोन पर दी। पति ने बताया कि जिस मोबाइल से पत्नी ने कॉल की थी उस पर संपर्क करने के बाद पता चला कि वह फोन उसकी पड़ोसी महिला का है। वह पड़ोसी महिला के घर पहुंचा, जहां पत्नी मौजूद थी। शाम 8 बजे पत्नी को घर में ले आया। कुछ देर बाद पत्नी का भाई विजय और उसका साला दोनों उसके घर आ गए। विजय ने बहन को समझाया। इसके बाद मामला शांत हो गया, लेकिन रात के 12 बजे अंजलि ने घर में अंदर से कुंडी बंद करके खुद को आग लगा ली। शोर मचाने पर पता चला कि अंजलि ने आग लगा ली है। इसके बाद उन्होंने घर का दरवाजा तोड़कर उसकी आग बुझाई और उसे पास के ही एक सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बादशाह खान सिविल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन यहां भी डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। भरतपाल ने बताया की उसकी पत्नी का व्यवहार शादी के बाद से ही ऐसा ही था। आए दिन बातों बातों में वह झगड़ा करती रहती थी। इससे पहले भी वह दो बार घर से जा चुकी थी। वहीं अंजली के भाई विजय ने बताया की बहन का झगड़ा सास से हुआ था। इस झगड़े में देवर राजू ने अंजली को थप्पड़ मार दिया था। इसी गुस्से के चलते अंजली ने खुद को आग लगा ली।