चंडीगढ़ प्रशासन ने कुल 6 एनएसएस स्वयं सेवकों को किया सम्मानित
पीयू से एमए कर रही है पूजा
Hisar News (आज समाज) हिसार: सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 6 एनएसएस वॉलंटियर को चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से राज्य स्तरीय अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। सम्मानित होने वाले वॉलंटियर में हरियाणा के हिसार जिले की पूजा जांगड़ा भी शामिल है। एनएसएस वॉलंटियर के रूप में सम्मानित होने वाली पूजा हरियाणा तथा पंजाब यूनिवर्सिटी से भी इकलौती स्टूडेंट है। सम्मानित किए गए कुल 6 एनएसएस स्वयं सेवकों में 3 लड़के और 3 लड़कियां शामिल है। पूजा ने एनएसएस के माध्यम से कई सामाजिक कार्यों में भाग लिया।

सम्मान समारोह चंडीगढ़ के सेक्टर 42सी में स्थित चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स में हुआ। इस अवॉर्ड के तहत 5 हजार रुपए इनामी राशि, मेडल एवं प्रमाण-पत्र मिलता है। इससे एनएसएस सेवाओं में आगे बढ़ने पर पूरी इकाई संभालने में भी बड़ी जिम्मेदारी या अधिकारी रैंक तक कोटा मिलता है। इस दौरान चंडीगढ़ से शिक्षा सचिव आईएएस प्रेरणा पुरी, एनएसएस क्षेत्रीय निदेशक जय भगवान और एनएसएस राज्य लियाजन अधिकारी डॉ. नेमीचंद गुलिया उपस्थित रहे।

न्योली खुर्द ढाणी मात्रश्याम की रहने वाली है पूजा

पूजा हिसार जिले के गांव न्योली खुर्द ढाणी मात्रश्याम की रहने वाली है। पूजा पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) की स्टूडेंट और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयं सेविका है। फिलहाल पूजा जांगड़ा पंजाब यूनिवर्सिटी से एमए (राजनीति विज्ञान) की पढ़ाई कर रही है। पूजा ने अपनी स्नातक की डिग्री भी पीयू से प्राप्त की थी।

कम 3 साल तक एनएसएस में सेवाएं देना आवश्यक

चंडीगढ़ प्रशासन हर साल सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 6 एनएसएस वॉलंटियर को सम्मानित करता है, जिसमें 3 लड़के और 3 लड़कियां होती है। इसके लिए कम से कम 3 साल तक एनएसएस में सेवाएं आवश्यक है। जागरूकता रैली जैसे नशा मुक्ति, पर्यावरण अभियान, ड्रग्स या शराबबंदी के खिलाफ अभियान में योगदान दिया हो। एनएसएस एक्टिविटी में बेहतर प्रदर्शन हो। तभी सम्मानित होने का मौका मिलता है।

गणतंत्र दिवस परेड कैंप में डिप्टी कमांडर की संभाली जिम्मेदारी

पूजा ने गणतंत्र दिवस परेड कैंप 2024 में भाग लिया और डिप्टी कमांडर (एनएसएस दस्ते) के रूप में नेतृत्व किया था। ऐसा करने वाली हरियाणा और पंजाब यूनिवर्सिटी से इकलौती स्वयं सेविका रही है। इसके लिए उन्हें पंजाब यूनिवर्सिटी और ग्राम पंचायत न्योली खुर्द, जम्भशक्ति एनजीओ एवं कई संस्थाओं ने सम्मानित किया।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी कर चुके सम्मानित

कुछ दिन पहले ही पूजा को चंडीगढ़ प्रशासक एंव पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने गणतंत्र दिवस परेड कैंप में उनकी भागीदारी के लिए सम्मानित किया। राज्यपाल ने उनके अनुभवों को जाना और 10 हजार रुपए की इनाम राशि देने की घोषणा की।

ये भी पढ़ें : पंचकूला में पुलिस सुरक्षा में संपन्न हुई दलित बेटी की शादी