Sonipat News: सोनीपत के गोहाना की जलेबी पर गरमाई सियासत

0
74
सोनीपत के गोहाना की जलेबी पर गरमाई सियासत
Sonipat News: सोनीपत के गोहाना की जलेबी पर गरमाई सियासत

भाजपा ने राहुल गांधी को पैक कर दिल्ली भिजवाई जलेबी
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में स्थित गोहाना में मातू राम हलवाई की जलेबी पर सियासत गरमा चुकी है। पूरे हरियाणा में प्रसिद्ध मातू राम हलवाई की जलेबी का दिल्ली तक शोर मच चुका है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मातू राम हलवाई की जलेबी को लेकर भी नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा था। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने वोटिंग होने के बाद जारी एग्जिट पोल के आंकड़ों से उत्साहित होकर नायब सैनी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि वे कांग्रेस की सरकार बनने पर सीएम नायब सैनी को गोहाना की जलेबी खिलाएंगे। लेकिन चुनाव परिणाम के बाद सब उलटा ही हो गया। भाजपा ने प्रदेश में हैट्रिक लगाते हुए पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया। कांग्रसियों के सपने चकनाचूर हो गए।

अब इस कड़ी में भाजपा नेताओं को कांग्रेस पर हमला बोलने का मौका मिल गया। रिजल्ट में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद भाजपा ने साढ़े पांच सौ रुपए की एक किलो जलेबी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर भिजवाई है। इसको लेकर हरियाणा भाजपा ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट भी डाली है। जलेबी के आॅर्डर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के समस्त कार्यकर्ताओं की तरफ से राहुल गांधी के लिए उनके घर पर जलेबी भिजवा दी है। वहीं कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जलेबी पर राजनीति करने वाले राहुल गांधी को हमारे खान-पान और हरियाणा की संस्कृति का ज्ञान नहीं है। उन्होंने हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को कांग्रेस नेताओं को जलेबी भिजवाने के लिए कहा।

राहुल ने कहीं थी जलेबी की फैक्टरी लगाने की बात

गत 3 अक्टूबर को गोहाना की रैली में दीपेंद्र हुड्डा ने राहुल गांधी को मातूराम हलवाई की जलेबी खिलाई थी। रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने जलेबी को भारत के अन्य राज्यों में भेजने व विदेश में भेजने की बात कहीं थी। उन्होंने कहा था कि इस जलेबी की फैक्टरी लगाने से लोगों को रोजगार मिलेगा। तब भाजपा ने बयान पर निशाना साधते नायब सैनी ने कहा था कि राहुल को किसी ने जलेबियों का एक डिब्बा गाड़ी में पकड़ा दिया तो वह ये देखकर हैरान हो गए कि यहां इतनी बड़ी जलेबी भी बनती है।

यह भी पढ़ें :  Ratan Tata: बॉलीवुड की इस हसीना से प्यार करते थे टाटा, अधूरी रही शादी की ख्वाहिश, निधन से टूटी प्रेमिका, जानें क्या बोली सिमी