Punjab Panchayat Election : आज से पंचायती चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे राजनीतिक दल

0
12
Punjab Panchayat Election : आज से पंचायती चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे राजनीतिक दल
Punjab Panchayat Election : आज से पंचायती चुनाव की तैयारियों में जुटेंगे राजनीतिक दल

कल रात पंजाब सरकार ने जारी किया था नोटिफिकेशन, 20 अक्टूबर को होंगे चुनाव

Punjab Panchayat Election (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब में पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। आज से पूरे एक माह बाद प्रदेश में ग्राम पंचायत चुनाव होंगे। पंजाब सरकार की तरफ से पंचायत चुनाव को लेकर एलान कर दिया गया है। प्रदेश में 20 अक्टूबर 2024 को पंचायत चुनाव होंगे। सरकार की तरफ से वीरवार रात इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी की गई है। दरअसल मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब पंचायती राज संशोधन विधेयक, 2024 को मंजूरी दे दी थी। जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि प्रदेश सरकार जल्द ही पंचायती चुनाव की घोषणा करेगी। अब सरकार ने चुनाव को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

पंजाब में कुल 13268 पंचायतें

अब नई पंचायतों के गठन के लिए चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। ज्ञात रहे कि पंजाब में पंचायतों की कुल संख्या 13268 हैं, जिनमें चुनाव कराया जाना है। पंचायतों को भंग करने का फैसला राज्य सरकार ने पंजाब पंचायती राज एक्ट 1994 की धारा 29-ए के अधीन राज्यपाल की अनुमति से लिया था।

चुनाव निशान पर नहीं लड़ेगी आप

प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही यह घोषणा कर चुके हैं कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में होने वाले पंचायती चुनाव अपने चुनाव निशान पर नहीं लड़ेगी। उन्होंने कहा था कि चुनाव के दौरान गांवों में शांति और सौहार्द बनाए रखना जरूरी है जिसे देखते हुए हम अपने चुनाव निशान पर चुनाव नहीं लड़ेंगे।

सभी राजनीतिक पार्टियां लगाएंगी जोर

पंचायती चुनाव को प्रदेश की राजनीति की सीढ़ी के रूप में देखा जाता है। पंजाब की राजनीति में स्पष्ट है कि उसी पार्टी को मजबूती मिलती है जिसे पंचायती स्तर पर अधिक सफलता मिल रही हो। इसी को देखते हुए प्रदेश के सभी राजनीतिक दल इन चुनाव में पूरा जोर लगाएंगे ताकि उनकी पार्टी को भविष्य में जाकर इसका लाभ मिल सके।

ज्ञात रहे कि सबसे ज्यादा महत्व इस समय पंचायती चुनाव का शिअद के लिए है। जो अपने बुरे दौर से गुजर रही है। हालांकि पार्टी के नेता कई गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में शिअद का एक बड़ा वोट बैंक है। अब देखना यह होगा की शिअद इसका कितना फायदा उठा सकता है।

ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब में 24 घंटे में दो बड़ी बैंक लूट

ये भी पढ़ें : Punjab News : धान सीजन संबंधी समस्याओं का हल करे केंद्र : मान