पुलिस स्मृति दिवस एवं फ्लैग डे मनाया और शहीद जवानों को दी गई श्रद्धाजंलि

0
311
Police Commemoration Day and Flag Day celebrated

इशिका ठाकुर,कुरुक्षेत्र:

कुरुक्षेत्र द्वारा 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक जिला में पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस फ्लैग डे मनाया जा रहा है। दिनांक 21 अक्टूबर 2022 को पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी शहीद जवानों को याद कर श्रद्धाजंलि दी गई। यह जानकारी उप पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र रामदत्त नैन ने दी।

जानकारी देते हुए रामदत्त नैन ने बताया कि आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत जिला पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस फ्लैग डे के रुप में मनाया जा रहा है। इस दौरान जिला पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को याद किया गया। पुलिस शहीद स्मृति दिवस पर पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस के शहीद जवानों की स्मृति में पुलिस परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने पुलिस ने शहीद स्मारक पर पुष्प-चक्र अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धाजंलि दी। सलामी गार्द द्वारा शहीद जवानों को सलामी दी गई। पुलिस जवानों द्वारा शहीदों की याद में दो मिनट का मौन धारण किया गया।

सीआरपीएफ के शहीद जवानों की याद में मनाया पुलिस स्मृति दिवस

21अक्टूबर को प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस के रुप में मनाया जाता है। पूरे देश में पुलिस स्मरण दिवस मनाने के महत्व के बारे में सीआरपीएफ की एक टुकड़ी की बहादुरी का एक किस्सा है। आज से 63 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर 1959 में लद्दाख में सीआरपीएफ की तीसरी बटालियन की एक कम्पनी को भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा के लिए लद्दाख के ‘हाट-स्प्रिंग‘ में तैनात किया गया था। कम्पनी को टुकड़ियों में बांटकर चौकसी करने को कहा गया। जब सीआरपीएफ बल के 21 जवानों का गश्ती दल ‘हाट-स्प्रिंग‘ में गश्त कर रहा था तभी चीनी फौज के एक बहुत बड़े दस्ते ने इस गश्ती टुकड़ी पर घात लगाकर आक्रमण कर दिया। तब इस बल के मात्र 21 जवानों ने चीनी आक्रमणकारियों का डटकर मुकाबला किया। मातृभूमि की रक्षा के लिए लड़ते हुए 10 शूरवीर जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था। तभी से केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के उन बहादुर जवानों के बलिदान की याद में हर वर्ष देश के सभी राज्यों की पुलिस व अर्धसैनिक बलों द्वारा 21 अक्तूबर को ‘‘पुलिस स्मरण दिवस” के रूप में मनाया जाता है।

इसी सन्दर्भ में आज जिला पुलिस लाईन कुरुक्षेत्र में परेड का आयोजन किया गया। जिसमें जिला पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया तथा शहीदों को याद कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। इस अवसर पर अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाते हुए अपने प्राणों की बलि देने वाले पुलिस के शहीद डीएसपी सुरेन्द्र सिंह मांझू की पत्नी कौशल्या देवी, शहीद सिपाही गुरमेज सिंह की पत्नी अमरजीत कौर व शहीद सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह की पत्नी सुनीता देवी को शाल भेंट सम्मानित किया गया।

शहीद हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत: पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र

शहीद हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत हैं, युवा पीढी को शहीदों की जीवनी से प्रेरणा लेने की जरुरत है। शहीदों के जीवन अध्ययन से युवा पीढी में देश प्रेम की भावना का जन्म होता है। देश के प्रति समर्पण की भावना से ही देश को उंचाईयों पर ले जाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से शहीदों की याद में 21 अक्तूबर को ‘‘पुलिस स्मरण दिवस” के रूप में मनाया जाता है। पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने पुलिस लाईन स्तिथ शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के उपरांत बताया कि हमारे बहादुर अर्ध सैनिक बल और पुलिस के उन शहीद जवानों को याद किया गया जिन्होंने अपनी जान की परवाह न करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी ।

शहीदों की याद में पुलिस लाईन में लगाई प्रदर्शनी व रक्तदान शिविर

नोडल अधिकारी राम दत्त नैन ने बताया कि 21 अक्टूबर को ही पुलिस लाइन में शहीदों की याद में एक प्रदर्शनी लगाई गई जिसका उदघाटन पुलिस अधीक्षक पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने किया। 31अक्टूबर 2022 तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पुलिस से सम्बंधित हथियारों, वर्दी, असला तथा अन्य सामानों को रखा गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि इस प्रदर्शनी को आमजन के लिए खुला रखा गया है कोई भी व्यक्ति इस प्रदर्शनी में जाकर अवलोकन कर सकता है। पुलिस के शहीद जवानों की स्मृति में पुलिस लाईन स्थित सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में पुलिस कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा रक्तदान करके शहीदों को श्रद्धाजंलि दी।

21 से 31 अक्टूबर तक ये रहेगें कार्यक्रम

विस्तार से जानकारी देते हुए पुलिस स्मृति दिवस एवं पुलिस फ्लैग डे के नोडल अधिकारी राम दत्त नैन ने बताया कि 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद स्मृति दिवस पर पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस के शहीद जवानों की स्मृति में पुलिस परेड व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शहीदों की याद में पुलिस लाईन में प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं शाम को पुलिस लाईन में पुलिस वॉलीबाल एवं बैडमिन्टन टूर्नामेंट का शुभारम्भ किया गया। 23 अक्तूबर को राजपत्रित अधिकारी शहीदों के गावों में जाकर शहीदों की शौर्य गाथा को आमजन के सम्मुख प्रस्तुत करेंगे। 24 अक्तूबर को रन-फॉर-युनिटी का आयोजन किया जाएगा। 26 अक्तूबर को पुलिस लाईन में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 27 अक्तूबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बैंड शो का आयोजन किया जाएगा। 28 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता एवं सुरक्षा सेमिनार का आयोजन करवाया जाएगा। 30 अक्तूबर को पुलिस लाईन में खेलों का समापन व सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 31 अक्तूबर को एकता दिवस एवं रन फार युनिटी व साईबर जागरुकता कार्यक्रम के समापन के रुप में आयोजित किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य है कि एक आम नागरिक पुलिस जवानों को नजदीक से जान सके। आम नागरिक पुलिस की कार्य-प्रणाली को समझ सके और बहादुर नौजवान इस सेवा से जुड़ने के लिए उत्साहित हों। हमारे लिए बहुत जरूरी है कि हम उन रास्तों को हमेशा याद रखें जिन पर चलकर हमें ये मालूम हुआ है कि एक राष्ट्र के रूप में हम कौन हैं और क्या हैं।

ये भी पढ़ें : आरोपी सूबा सिंह की संपत्ति को करनाल पुलिस ने किया फ्रिज

Connect With Us: Twitter Facebook