PM Modi To Visit Saudi Arabia, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर सऊदी अरब जा रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और सऊदी अरब की बहुआयामी मित्रता को मजबूत करना और व्यापार, रक्षा, निवेश व ऊर्जा के क्षेत्रों में संबंधों को गहरा करना है।

मोदी की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा होगी। इससे पहले वह 2016 और 2019 में सऊदी अरब गए थे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम की ताजा यात्रा क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की सितंबर 2023 में नई दिल्ली की राजकीय यात्रा के बाद हो रही है। क्राउन प्रिंस ने उस दौरान जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लिया था।

कई मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर

पीएम मोदी की यात्रा भारत द्वारा सऊदी अरब के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है। यह मौका हमारी बहुआयामी साझेदारी को और गहरा और मजबूत करने के साथ-साथ आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगा।

विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि रणनीतिक साझेदार के रूप में भारत और सऊदी अरब राजनीतिक, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत द्विपक्षीय संबंध साझा करते हैं।

सामाजिक-सांस्कृतिक व व्यापारिक संपर्कों का लंबा इतिहास

भारत और सऊदी अरब के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक और व्यापारिक संपर्कों का एक लंबा इतिहास है और दोनों देश घनिष्ठ व मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करते हैं। पिछले दशक में सऊदी अरब के साथ भारत के संबंध मजबूत और स्थायी साझेदारी में विकसित हुए हैं।

सऊदी अरब भारत का 5वां सबसे बड़ा व्यापार भागीदार

सऊदी अरब भारत का पांचवां सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है, और भारत सऊदी अरब का दूसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है। वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान, सऊदी अरब से भारत का आयात 31.42 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया, और सऊदी अरब को निर्यात 11.56 बिलियन डॉलर का था।

निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में ये शामिल

भारत से सऊदी अरब को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में इंजीनियरिंग सामान, चावल, पेट्रोलियम उत्पाद, रसायन, वस्त्र, खाद्य उत्पाद, सिरेमिक टाइलें शामिल हैं। जबकि, सऊदी अरब से भारत के लिए आयात की जाने वाली प्रमुख वस्तुएँ कच्चा तेल, एलपीजी, उर्वरक, रसायन, प्लास्टिक और इसके उत्पाद आदि हैं।

कुल सऊदी निवेश लगभग 10 बिलियन अमरीकी डॉलर

पीआईएफ, अन्य सऊदी कंपनियों और सऊदी समर्थित विजन फंड सहित भारत में कुल सऊदी निवेश लगभग 10 बिलियन अमरीकी डॉलर रहा है। प्रमुख निवेशों में रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड, ओयो होटल्स, हेल्थटेक हेल्थीफाईमी आदि में पीआईएफ का निवेश शामिल है।

ये भी पढ़ें : Saudi Arabia में सड़क हादसे में 9 भारतीयों सहित 15 लोगों की मौत