PM Modi Speech In France: विश्वभर में मंदी, खाद्य सुरक्षा व तनाव जैसी समस्याओं का समाधान पेश कर रहा भारत

0
176
PM Modi Speech In France
पेरिस स्थित ला सीन म्यूजिकल में भारतवंशियों को संबोधित करते पीएम मोदी।

Aaj Samaj (आज समाज), PM Modi Speech In France, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस दौरे के दौरान पेरिस में फ्रांस के एक अखबार को साक्षात्कार भी दिया। उन्होंने कहा, विश्वभर में मंदी, खाद्य सुरक्षा, मुद्रास्फीति, सामाजिक तनाव जैसी समस्याओं का आज भारत समाधान पेश कर रहा है। इस वैश्विक पृष्ठभूमि में, मैं भारतीयों में नया आत्मविश्वास और विश्व में अपना समुचित स्थान लेने की उत्सुकता देख रहा हूं।

  • फ्रांस और भारत के बीच डिजिटल पेमेंट को लेकर करार
  • अब फ्रांस में भारत के यूपीआई से पेमेंट की जा सकेंगी  

 भारत के युवा हमारी सबसे मजबूत संपत्ति

पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया के कई देश बूढ़े हो रहे हैं, भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। युवा हमारी सबसे मजबूत संपत्ति हैं। भारत के युवा व कुशल कार्यबल आने वाले दशकों में दुनिया के लिए भी संपत्ति होंगे। भारत की सॉफ्ट पावर के स्तंभ को लेकर पूछे सवाल पर मोदी ने कहा, हमारा निर्यात कभी युद्ध और पराधीनता नहीं रहा, बल्कि योग, आयुर्वेद, अध्यात्म, विज्ञान, गणित और खगोल विज्ञान रहा है। हम हमेशा वैश्विक शांति और प्रगति में योगदान करते रहे हैं।

भारतीय जहां जाते हैं वहां मिनी इंडिया बना लेते हैं

यह सौभाग्य की बात है कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता में नए सिरे से रुचि पैदा हुई है। आयुर्वेद की हमारी पारंपरिक चिकित्सा को स्वीकार्यता मिल रही है। भारतीय सिनेमा, व्यंजन, संगीत और नृत्य की दुनिया भर में मांग हो रही है। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि भारत के अनुभव व प्रयास हर चुनौती से निपटने के लिए दुनिया के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस आना अपने घर आने जैसा है। भारतीय जहां जाते हैं वहां मिनी इंडिया बना लेते हैं।

भारत में निवेश करने की भी अपील

फ्रांस में बसे प्रवासियों से मोदी ने भारत में निवेश करने की भी पीएम ने अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड आर्डर में आज भारत खास रोल निभा रहा है और वर्तमान समय में भारत में निवेश का अच्छा मौका है। मोदी ने कहा, फिर मत कहना मैंने नहीं बताया था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अगले 25 वर्षों में विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। आज हर इंटरनेशनल एजेंसी कह रही है कि भारत आगे बढ़ रहा है। मोदी ने यह भी बताया कि फ्रांस और भारत के बीच डिजिटल पेमेंट को लेकर करार हुआ है और इसके तहत फ्रांस में भारत के यूपीआई से पेमेंट की जा सकेंगी। उन्होंने कहा जल्द ही इसकी शुरूआत एफिल टावर से होगी।

फ्रांस की बैस्टिल डे परेड में शामिल हुए पीएम

पीएम मोदी शुक्रवार को पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह के हिस्से के रूप में बैस्टिल दिवस परेड में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए। इस परेड में शामिल होने वाले वे दूसरे प्रधानमंत्री हैं। उन्हें फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिजेट मैंक्रो ने रिसीव किया। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। परेड में भारतीय राफेल ने उड़ा भरी। वायुसेना के 3 राफेल फाइटर जेट ने फ्रांस के लड़ाकू विमानों के साथ फ्लाइपास्ट किया। तीनों सेनाओं के मार्चिंग दस्ते के 269 जवानों ने परेड में हिस्सा लिया। उनकी एंट्री सारे जहां से अच्छा की धुन के साथ हुई। 2009 में पीएम मनमोहन सिंह बैस्टिल दिवस परेड में मुख्यातिथि थे।

मोदी ने यूएनएससी पर फिर उठाया सवाल

पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद पर फिर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि यह संस्था दुनिया के लिए बोलने का दावा कैसे कर सकती है, जब सबसे अधिक आबादी वाला देश और सबसे बड़ा लोकतंत्र ( भारत) इसका स्थायी सदस्य नहीं है? उन्होंने कहा, भारत को अपना उचित स्थान फिर से हासिल करने की जरूरत है, क्योंकि मुद्दा केवल संयुक्त राष्ट्र की विश्वसनीयता का नहीं है। वैश्विक दक्षिण के अधिकारों को लंबे समय से नकारा गया। इससे इन देशों के लोगों के मन में गुस्सा है। भारत वैश्विक दक्षिण और पश्चिमी दुनिया के बीच सेतु की भूमिका में है।

यह भी पढ़ें : 

Connect With Us: Twitter Facebook

PM Modi Speech In France India is offering solutions to problems like recession, food security and stress in the world

 

SHARE