PM Modi Russia Visit: विक्ट्री डे परेड पर रूस जा सकते हैं पीएम, पुतिन ने भेजा न्योता

0
81
PM Modi Russia Visit
PM Modi Russia Visit: विक्ट्री डे परेड पर रूस जा सकते हैं पीएम, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भेजा न्योता

Russia Victory Day 2025, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार रूस के विक्ट्री डे पर मॉस्को जा सकते हैं। रूसी मीडिया ने एक सैन्य सूत्र के हवाले से आज यह जानकारी दी। बता दें कि रूस हर वर्ष 9 मई को वार्षिक विजय दिवस (विक्ट्री डे) मनाता है और इस मौके पर परेड निकाली जाती है, जिसमें भाग लेने के लिए सैन्य सूत्र के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को न्योता दिया है।

नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ की जीत का प्रतीक

9 मई का दिन द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर सोवियत संघ (रूस) की जीत का प्रतीक है, जिसे रूस के लोग महान देशभक्तिपूर्ण युद्ध कहते हैं। 1945 में यह जंग हुई थी और इस बार विजय की 80वीं वर्षगांठ है। मॉस्को के रेड स्क्वायर पर 9 मई को परेड आयोजित की जाएगी। पुतिन विजय दिवस मनाने के लिए भाषण देते हैं।

भारत सरकार ने अभी नहीं दी आधिकारिक जानकारी 

भारत सरकार की तरफ से हालांकि अब तक पीएम के रूस जाने को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन रूसी मीडिया के सूत्र का कहना है कि भारतीय प्रधानमंत्री के 9 मई को मॉस्को जाने की अत्यधिक संभावना है। यदि मोदी इस दौर पर जाते हैं तो यह इस वर्ष उनका पहला आधिकारिक रूस दौरा होगा।

पिछले वर्ष दो बार रूस दौरे पर गए थे मोदी

पिछले वर्ष पीएम मोदी दो बार रूस दौरे पर गए थे। जुलाई में उनका द्विपक्षीय दौरा था, जबकि अक्टूबर-2024 में वह 16वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस गए थे। रूस की अध्यक्षता में शिखर सम्मेलन रूस के कजान सिटी में हुआ था और वहां पीएम मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात की थी। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इससे पहले कहा था कि कई आमंत्रित देशों ने महान देशभक्ति युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए 9 मई को मास्को में होने वाले आगामी कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।

विभिन्न देशों के विदेशी नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के प्रेस सचिव दिमित्री पेसकोव ने कहा कि 9 मई के उत्सव में भाग लेने के लिए न केवल सीआईएस, बल्कि विभिन्न देशों के विदेशी नेताओं को मास्को में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि रूसी पक्ष उन सभी विदेशी मेहमानों को देखकर खुश होगा जो मास्को में विजय दिवस के महत्व को समझते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल अक्टूबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर रूस की यात्रा की थी।

यह भी पढ़ें : PM Modi Russia Visit Update: रूस में कजान एयरपोर्ट पर मोदी का जोरदार स्वागत