PM Modi Mumbai Visit: पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी 29,400 करोड़ की सौगात, विकसित भारत की यात्रा में मीडिया की भूमिका को अहम बताया

0
126
PM Modi Mumbai Visit पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी 29,400 करोड़ की सौगात, विकसित भारत की यात्रा में मीडिया की भूमिका को अहम बताया
PM Modi Mumbai Visit : पीएम मोदी ने महाराष्ट्र को दी 29,400 करोड़ की सौगात, विकसित भारत की यात्रा में मीडिया की भूमिका को अहम बताया

PM Modi 13 July 2024 Maharashtra Visit, (आज समाज), मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र को 29,400 करोड़ रुपए से अधिक की सौगात दी है। वह शानिवार शाम यानी पिछले कल मुंबई पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में आईएनएस टावर्स का शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि विकसित भारत में मीडिया की भूमिका है। आईएनएस ने न केवल भारत की यात्रा के उतार-चढ़ाव को देखा है, बल्कि उसे जिया भी है और लोगों तक भी पहुंचाया है।

महाराष्ट्र को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति में बदलना लक्ष्य

पीएम ने ठाणे बोरीवली ट्विन टनल परियोजना और गोरेगांव मुलुंड लिंक रोड परियोजना में सुरंग कार्य की आधारशिला रखी। नवी मुंबई में कल्याण यार्ड रिमॉडलिंग और गति शक्ति मल्टीमॉडल कार्गो टर्मिनल की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा उन्होंने लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर नए प्लेटफॉर्म और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म 10 और 11 के विस्तार को राष्ट्र को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने कहा, मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र की शक्ति का उपयोग करके इसे दुनिया की आर्थिक महाशक्ति में बदलना है। उन्होंने कहा, मुंबई को दुनिया की फिनटेक राजधानी बनाएं। देश की जनता निरंतर तीव्र विकास चाहती है और अगले 25 वर्ष में भारत को विकसित बनाना चाहती है।

मुंबई में जीवन की गुणवत्ता को सर्वोत्तम बनाया जा रहा

प्रधानमंत्री ने कहा, मुंबई में जीवन की गुणवत्ता को सर्वोत्तम बनाना हमारा मकसद है। इसी सोच से मुंबई के आसपास कनेक्टिविटी बेहतर की जा रही है। मुंबई में कोस्टल रोड और अटल सेतु का काम पूरा हो चुका है। अटल सेतु से सभी को फायदा हो रहा है। मुझे बताया गया है कि हर दिन लगभग 20,000 वाहन इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं इससे रोज लगभग 20000-25000 लाख रुपए के ईंधन की बचत हो रही है।

3-4 वर्ष में करीब 8 करोड़ नई नौकरियां सृजित

मोदी ने कहा, हाल ही में आरबीआई ने नौकरियों को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है और इसके मुताबिक पिछले 3-4 साल में देश में करीब 8 करोड़ नई नौकरियां पैदा हुई हैं। इन आंकड़ों ने झूठ फैलाने वालों का मुंह बंद कर दिया है। उन्होंने कहा, ये लोग निवेश, बुनियादी ढांचे और देश के विकास का विरोध करते हैं, लेकिन अब ये बेनकाब हो रहे हैं। जनता उनकी साजिशों को नकार रही है।

वंचितों को वरीयता सरकार के विकास का माडल

पीएम ने बताया कि एनडीए सरकार के विकास का मॉडल हमेशा वंचितों को वरीयता देने का रहा है। उन्होंने कहा, नई सरकार के शपथ लेते ही हमने गरीबों के लिए पक्के घर और किसानों से जुड़े बड़े फैसले लिए हैं। महाराष्ट्र की महायुति सरकार भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मोदी ने कहा, मुझे खुशी है कि महाराष्ट्र सरकार ने हर साल 10 लाख नौजवानों को स्किल ट्रेनिंग देने का संकल्प लिया है।