PM Modi Maan Ki Baat, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। उन्होंने संबोधन की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को याद करके की। पीएम ने एक बार फिर कहा कि पीड़ितों के परिजनों को अवश्य न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा, जम्मू-कश्मीर में शांति लौट रही थी लेकिन दुश्मनों को यह रास नहीं आ रही। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कर्नाटक में उगाए जाने वाले सेब, तमिलनाडु की लीची और केरल में केसर की खेती का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने पूर्व इसरो अध्यक्ष कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि दी। उनका इसी सप्ताह निधन हो गया था।

जम्मू-कश्मीर : पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड इजाफा

पीएम मोदी ने कहा, जम्मू-कश्मीर में स्कूल व कॉलेज बिना किसी भय अच्छे चल रहे थे। यहां पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड इजाफा हो रहा था। निर्माण कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है और साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में लोकतंत्र भी मजबूत हो रहा था। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से इलाके के लोगों की इनकम भी बढ़ रही थी। युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे थे, पर जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया। उन्होंने कहा, पहलगाम आतंकी हमले से देशवासियों का खून खौल रहा और पीड़ित परिजनों को इंसाफ मिलेगा। दोषियों व साजिशकर्ताओं को कठोर जवाब दिया जाएगा।

देश के युवाओं की प्रतिभा का जिक्र

पीएम मोदी ने देश के युवाओं की प्रतिभा की भी बात की। उन्होंने कहा, भारत के युवाओं ने देश के प्रति पूरे विश्व का नजरिया बदल दिया है। देश का यूथ आज इनोवेशन व साइंस की राह पर आगे बढ़ रहा है। पीएम ने कहा, जिन इलाकों की पहचान पहले पिछड़ेपन व अन्य कारणों से होती थी, भारत के युवाओं ने वहां आज ऐसे उदाहरण पेश किए हैं, जो हमें नया भरोसा देते हैं।

अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोला

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि भारत ने अपने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए भी खोल दिया है और आज कई युवा स्पेस स्टार्टअप में नई बुलंदियां छू रहे हैं। मोदी ने बताया कि 10 वर्ष पहले स्पेस सेक्टर में केवल एक कंपनी थी, पर आज देश में, सवा तीन सौ से अधिक कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने भारत के ग्लोबल स्पेस पावर बनने का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा, हमने एक साथ 104 उपग्रह लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है। साथ ही हम चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुंचने वाले पहले देश बनने का कीर्तिमान हासिल किया है।

डॉक्टर कस्तूरीरंगन के कार्यों से सीखे युवा पीढ़ी

पूर्व इसरो प्रमुख डॉक्टर कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहा, भारत वर्तमान में जिन उपग्रहों का उपयोग करता है, उनमें से कई की लॉन्चिंग डॉक्टर कस्तूरीरंगन की देखरेख में की गई थीं। आज की युवा पीढ़ी डॉक्टर कस्तूरीरंगन के कार्यों से बहुत कुछ सीख सकती है। उन्होंने हमेशा नवाचार को अहमियत दी।

भूकंप के बाद म्यांमार में चलाया आपरेशन ब्रह्मा

पीएम मोदी ने म्यांमार में पिछले महीने आए जबरदस्त भूकंप के बाद भारत की ओर से शुरू किए गए आॅपरेशन ब्रह्मा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, भूकंप से म्यांमार में बड़े पैमाने पर तबाही हुई और सभी लोगों ने इस जलजले की डरा देने वाली तस्वीरें देखी होंगी। उन्होंने कहा, मलबे में फंसे लोगों के लिए उस समय एक-एक क्षण कीमती था और इसी वजह से भारत ने म्यांमार में राहत एंव बचाव कार्यों के लिए आपरेशन ब्रह्मा शुरू किया।

इन चीजों की खेती दूसरे किसानों के लिए प्रेरणादायक

पीएम मोदी ने कर्नाटक के बागलकोट निवासी श्री शैल तेली जी द्वारा मैदानी इलाकों में सेब उगाने के लिए उनकी सराहना की। वहीं केरल के वायनाड में एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उगाई गई है। उधर तमिलनाडु सहित दक्षिण भारत में अन्य जगह लीची उगाई जा रही है जो दूसरे किसानों के लिए प्रेरणादायक है।

ये भी पढ़ें: 15th Rozgar Mela: पीएम मोदी ने 51,236 उम्मीदवारों को वितरित किए नियुक्ति पत्र