
हादसे में 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल
Nuh News (आज समाज) नूंह: हरियाणा के नूंह में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। जबकि 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज सुबह 10 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक इब्राहिमबास गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम चला हुआ है।
ठेकेदार ने पिनगवां ब्लॉक के गांव खेड़ली कलां के लोगों को इस काम में लगाया हुआ है। शनिवार सुबह 11 लोग सफाई करने के लिए पिकअप गाड़ी से उतर रहे थे, इसी दौरान गुरुग्राम की तरफ से आई तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। मरने वालों में 4 महिलाएं एक ही परिवार की थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक्सप्रेसवे पर बिखरी लाशें, कई शवों के हुए टुकड़े
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 6 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 1 पुरुष और 4 महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। सभी को अस्पताल पहुंचाया। यहां व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं में से 2 की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लाशें बिखरी दिखीं। कई शवों के टुकड़े हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं हादसे के बाद टक्कर मारने वाली पिकअप का ड्राइवर गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। एसपी राजेश कुमार ने कहा कि आरोपी ड्राइवर को आईडेंटिफाई करके जल्दी से गिरफ्तार किया जाएगा। एफआईआर दर्ज करके सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को दी जाएगी आर्थिक सहायता
वहीं नूंह के डीसी विश्राम कुमार मीणा ने कहा हादसे पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लेबर गाड़ी से उतरी थी कि तभी पीछे से व्हीकल ने टक्कर मार दी। एसडीएम और डीएसपी मौके पर पहुंचे हैं। मेडिकल कॉलेज को कहा गया है कि घायलों को हर तरह की मदद दी जाए। पीस कमेटी परिवारों की आर्थिक मदद करेगी। उन्होंने कहा है कि मामले की अच्छे से जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ तख्त कार्रवाई करेंगे।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में मई के अंत में हो सकता है सीईटी एग्जाम
ये भी पढ़ें : 1 मई तक गेहूं के नुकसान दावा पेश कर सकते है हरियाणा के किसान