Pet care: बरसात के मौसम में अपने पालतू का इस तरह से रखें ख्याल

0
57
Pet care

Pet care: मानसून की बूंदों में अपनों की देखभाल करना जरूरी है। ऐसे में आप अपने पेट्स को भी न भूलें, क्योंकि उनकी साफ-सफाई से लेकर खान-पान तक का ख्याल आपको ही रखना है। कई लोगों को पेट्स पालना पसंद होता है और वे पेट्स को अपने करीब रखते हैं। ऐसे में पेट्स धीरे-धीरे हमारे घर का हिस्सा बन जाते हैं। वैसे तो सभी मौसम में पेट्स की सही देखभाल करना आवश्यक है, लेकिन बरसात के मौसम में उनको अधिक देखभाल की जरूरत होती है, वरना वे बीमार पड़ सकते हैं। पेट्स अपनी देखभाल खुद नहीं कर सकते, इसलिए आपको ही उनकी सही से देखभाल करनी होगी, ताकि वे स्वस्थ रहें।

वैक्सीनेशन

बारिश के मौसम में पेट्स ज्यादा बीमार होते है, क्योंकि उनके आस-पास कई सौ कीटाणु मौजूद होते हैं, जो बीमारी का कारण बनते हैं। इन बीमारियों से सुरक्षा के लिए आपको अपने पालतू पशु को समय पर वैक्सीन लगवाते रहना चाहिए, ताकि वह संक्रमित बीमारियों से सुरक्षित रहे और पूरी तंदुरुस्ती के साथ मौज-मस्ती करे।

बड़ी घास से दूरी

बारिश के मौसम में बाग-बगीचों में बड़ी-बड़ी घास उग आती है। ऐसे में आपको पेट्स को इन घास या कचरे के ढेर से दूर रखना चाहिए। घास या कचरे के ढेर में कई जहरीले कीट या मच्छर होते हैं, जो पेट्स को काट सकते है और वे गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं।

सफाई का खास ख्याल

इस मौसम में आप उन्हें विशेष रूप से गीला होने से बचाएं, क्योंकि नमी और आर्द्रता के कारण उनकी त्वचा पर बैक्टीरिया पैदा हो जाते है, जिससे खुजली और लाल दाने निकल सकते हैं। कभी-कभी तो नमी के कारण पेट्स के बालों में पिस्सू भी हो जाते हैं।

ताजा खाना

बारिश के मौसम में आप अपने पेट्स को ज्यादा घुमा नहीं पाती हैं, जिससे उनकी फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है और उन्हें भूख भी कम लगती है। ऐसे में उन्हें फाइबर युक्त और ताजा खाना दें। आप उन्हें दलिया भी खिला सकती है, क्योंकि यह पचने में आसान होता है। साथ ही उनके बर्तन में हमेशा साफ और ताजा पानी रखें और उसे ढक दें। खुले बर्तन में कीटाणु बैठ सकते हैं, जिससे वह संक्रमित हो जाता है।

पंजे रहें सूखे

पेट्स के पंजे जब गीली जमीन के संपर्क में आते हैं तो बैक्टीरिया उनके पैरों में चिपक जाते हैं। फिर वे उसे ही चाटते हैं और बीमार हो जाते हैं। इस परेशानी से बचने के लिए आप अपने पेट्स को घुमाने के बाद गरम पानी में एंटीसेप्टिक घोलकर उन के पंजों को साफ करें और उन्हें बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करें।

कानों की देखभाल

इस मौसम में आप अपने पेट्स के पूरे शरीर के साथ कानों को भी सूखा रखने की कोशिश करें। गीले कानों में फंगस या बैक्टीरिया पनपने का डर रहता है, जो उन्हें परेशानी में डाल सकता है। इससे बचाने के लिए पेट्स के कान की नियमित देखभाल करती रहें।

एक्सरसाइज बेहद जरूरी

बरसात के दौरान पशुओं की खास देखभाल जरूरी होती है, वरना उन्हें चर्म रोग हो सकता है। इसलिए उन्हें इन दिनों में गीला होने से बचाना चाहिए। आपको उनके पंजों को सूखे कपड़े से साफ करते रहना चाहिए, क्योंकि गीले कपड़े से साफ करने पर त्वचा गीली रह जाती है, वे उसे खुजलाते हैं और चाटते रहते हैं, जो परेशानी को बढ़ा सकता है। साथ ही इस मौसम में ताजा और सही मात्रा में खाना देना भी बहुत जरूरी है, क्योंकि फिजिकल एक्टिविटी कम होने के कारण पेट्स खाना चबाते नहीं हैं, सीधे निगल लेते हैं, जिस कारण खाना पचता नहीं है और उन्हें बदहजमी हो जाती है। इसके अलावा हो सके तो उन्हें एक्सरसाइज कराती रहें और ऊर्जा से भरपूर रखें।