कार का शीशा तोड़कर निकाला बाहर
Karnal News (आज समाज) करनाल: शहर स्थित संतूर सोसाइटी में गत देर रात एक व्यक्ति कार में अचेत मिला। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार की खिड़की का शीशा तोड़कर व्यक्ति को बाहर निकाला। व्यक्ति को अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉच्युर्री हाउस में रखवा दिया है।

मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। सेक्टर 32,33 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक विकास सुबह से ही घर से निकले थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से बातचीत की जा रही है। आज पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी से विवाद के बाद घर से बाहर गया था विकास

मृतक की पहचान 38 वर्षीय विकास के रूप में हुई है, जो तरावड़ी में बजाज फाइनेंस कंपनी में नोडल आॅफिसर के पद पर कार्यरत था। परिवार में पत्नी और 6 साल की बेटी है। पत्नी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह घर से निकले हुए थे। उन्होंने कई बार कॉल भी किया, लेकिन पति ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। अब अचानक उनकी मौत की खबर मिली है।

अंदर से लॉक थी कार

सोसाइटी के एक व्यक्ति ने बताया कि कार में एक व्यक्ति काफी देर से पड़ा हुआ था। जब देखा तो उसकी हालत ठीक नहीं लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तो कार अंदर से लॉक थी। पुलिस ने तुरंत शीशा तोड़ा और व्यक्ति को बाहर निकाला। मौके पर ही जांच की गई तो वह अचेत अवस्था में था। बाद में जब उसे करनाल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा के करनाल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में गरीबी बढ़ी