आज और कल भी खराब रहेगा मौसम, उसके बाद तेजी से बढ़ेगा तापमान

Delhi Weather (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल जनवरी से ही सामान्य से ज्यादा तापमान का सामना कर रहे दिल्ली के लोगों के लिए गत दिवस हल्की बारिश आंशिक रूप से राहत लेकर आई। मौसम विभाग द्वारा मिली सूचना के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में कई जगह हल्की बारिश हुई। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चली जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक रूप से राहत मिली। यह राहत आज और आने वाले कल यानी 15 व 16 मार्च को भी जारी रहेगी। इससे मौसम सुहावना रहेगा और तापमान में कमी आएगी। हालांकि यह राहत आंशिक ही है और 20 मार्च के बाद तापमान में एक बार फिर तेजी से वृद्धि होगी जिसके चलते लोगों को गर्मी के लिए तैयार होना पड़ेगा।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के अनुसार अब 14 मार्च से 16 मार्च तक हल्की बारिश की संभावना है। इस हल्की बारिश के कारण 16 मार्च से 18 मार्च तक तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 17 मार्च को तो अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14-16 डिग्री के बीच रहेगा। 18 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और इस कारण तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। 19 मार्च तक अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री के बीच दर्ज किया जाएगा।

गुरुवार को 34.4 डिग्री था तापमान

इससे पहले दिल्ली में गुरुवार को दिन भर आंशिक बादल छाए रहे। इसके बावजूद बढ़ते तापमान पर ब्रेक नहीं लगा। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का दूसरा सबसे अधिक तापमान रहा। इससे पहले 11 मार्च को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण सुबह भी गर्म रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाब समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता की जीवंत मिसाल : मान

ये भी पढ़ें : Ludhiana Crime News : लुधियाना में मस्जिद पर पथराव, कईं घायल