Rohtak News: रोहतक में लोगों ने पी सीएम के हाथ की चाय

0
55
रोहतक में लोगों ने पी सीएम के हाथ की चाय
रोहतक में लोगों ने पी सीएम के हाथ की चाय

Rohtak News (आज समाज) रोहतक: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार रात रोहतक जिले के गांव भैणी महाराजपुर में एक चाय की दुकान पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हाथों से चाय बनाई और लोगों ने सीएम के हाथों बनाई चाय का स्वाद चखा। चाय पीने के बाद लोगों ने मुख्यमंत्री की भी सराहना करते हुए ग्रामीण बोले नायाब है म्हारा मुख्यमंत्री। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी इसका वीडियो शेयर किया और लिखा रोहतक के भैणी महाराजपुर हल्का महम में कृष्णा की चाय की दुकान पर अपने परिवारजनों के बीच। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने बताया कि शनिवार को हांसी रैली में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सड़क मार्ग से चंडीगढ़ लौट रहे थे। रोहतक के गांव खरकड़ा के पास 152डी के रास्ते चंडीगढ़ जाने की योजना थी। उनके साथ भाजपा के प्रदेश सचिव कैप्टन भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे। रास्ते में मुख्यमंत्री ने चाय पीने की इच्छा जताई। इस पर कैप्टन भूपेंद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने कृष्ण चाय वाले का जिक्र किया और कहा कि यहां गुड़ की चाय बनती है। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला गांव भैणी महाराजपुर में कृष्ण चाय वाले की दुकान पर पहुंचा। जहां मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। इसी बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद चाय बनाने लगे। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से चाय बनाई और सभी को पिलाई। चाय पीने और लोगों से मिलने के बाद वे 152डी के रास्ते चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।