आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान, प्राकृति के लिए हानिकारक

Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली। जनवरी के बाद फरवरी में भी वातावरण में गर्मी बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ मौसम के इस गर्म मिजाज को लेकर चिंतित हैं। वर्तमान में उत्तर भारत सहित पूरे देश में सर्दी का दौर समाप्ति की तरफ है वहीं गर्मी के लंबे सीजन की शुरुआत होती दिखाई दे रही है। उत्तरी भारत के मैदानी राज्यों में सुबह-शाम की हल्की ठंड है जबकि दिन में गर्मी के साथ-साथ तापमान भी 25 डिग्री को पार कर जाता है। अभी आने वाले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने का पूवार्नुमान है। हालांकि तापमान में धीरे धीरे वृद्धि भी होती रहेगी। जब तेज हवाएं चलेंगी तो दिन में भी थोड़ी ठंड का एहसास हो सकता है।

राजधानी में तापमान 27 डिग्री पार

इस बीच रविवार को दिन भर आसमान साफ रहा। धूप भी निकली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 97 से 23 प्रतिशत रहा। इसके साथ ही पंजाब के भी ज्यादात्तर जिलों में तापमान 25 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया।

जनवरी में भी पड़ी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

मौसम में हो रहे इस बदलाव के बारे में आईएमडी महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि इस बार जनवरी इतिहास में तीसरा सबसे गर्म महीना रहा है और इसका कारण जलवायु परिवर्तन है। मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि जनवरी में सामान्य औसत पारा 18.04 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस दफा यह सामान्य से करीब 1 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में अभी से गर्मी बढ़ने लगी है। उत्तर भारत के भी मैदानी इलाकों में इस सप्ताह बदले मौसम से पहले, दिन में तेज गर्मी महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि यदि तापमान इसी तरह से बढ़ता रहा और जल्द बारिश न हुई तो देश के लोगों को लंबे गर्म सीजन के लिए तैयार रहना होगा।

बढ़ते तापमान से गिरेगा फसलों का उत्पादन

कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी भारत में इस समय गेहंू व सरसों की फसल बहुत ही महत्वपूर्ण अवस्था में हैं। इन दोनों फसलों में आने वाले दिनों में दाना पड़ना है। यदि गर्मी का प्रकोप इसी तरह से रहता है और तापमान बढ़ता है तो इन फसलों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। गर्मी और ज्यादा तापमान से दाना का आकार छोटा रहने की संभावना है जिससे उत्पादन गिरेगा और किसानों को आर्थिक रूप से नुकसान होगा।

ये भी पढ़ें : Manipur Breaking News : सीएम के इस्तीफे के बाद मणिपुर में राजनीतिक उथल-पुथल

ये भी पढ़ें : National News Update : फिजी से रक्षा संबंध होंगे मजबूत : राजनाथ सिंह