Karnal News: आम आदमी पार्टी की रैली में भिड़े पार्टी कार्यकर्ता, सुशील गुप्ता का किया विरोध

0
14
आदमी पार्टी की रैली में भिड़े पार्टी कार्यकर्ता, सुशील गुप्ता का किया विरोध
आदमी पार्टी की रैली में भिड़े पार्टी कार्यकर्ता, सुशील गुप्ता का किया विरोध

कर्ण धनखड़ का आरोप- चुनाव में मांगे 2 लाख, नहीं दिए तो किया सस्पेंड
Haryana News (आज समाज) करनाल: हरियाणा के करनाल में नई अनाज मंडी में आयोजित आम आदमी पार्टी (आप) की रैली में पार्टी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष करण धनखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता का विरोध किया और हंगामा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट भी की। करण सिंह धनखड़ ने आरोप लगाया कि कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान आप प्रत्याशी सुशील गुप्ता ने दो लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन मैं अपनी आर्थिक तंगी के कारण पैसे देने में असमर्थ था। सुशील गुप्ता ने मुझे धमकाया था। जिसका नतीजा यह हुआ कि रविवार को गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी के प्रभाव में आकर मुझे उपाध्यक्ष पद से निलंबित कर दिया। 2 लाख रुपए की मांग और धमकियों के कारण करण धनखड़ मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हो गया था, जिसकी शिकायत उसने 23 जून को रोहतक बस स्टैंड चौकी में की थी।

सुनीता केजरीवाल नहीं पहुंचीं

आप के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. संदीप पाठक सहित अन्य वरिष्ठ नेता करनाल में आयोजित रैली में शामिल हुए, लेकिन पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल को जमानत नहीं मिलने के कारण उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल रैली में शामिल नहीं हो सकीं।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित रैली

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए यह रैली आयोजित की गई है। उन्होंने कहा, “आज करनाल में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है, जिसमें हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता पहुंचे हैं। हम पूरे जोश और उत्साह के साथ रैली कर रहे हैं और इसके बाद हमारे कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाकर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।

90 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने यह भी बताया कि आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा, हम हर बूथ को मजबूत करेंगे और हर बूथ पर हमारे कार्यकर्ता तैनात होंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव को हम पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे।

अरविंद केजरीवाल की जमानत पर टिप्पणी

अरविंद केजरीवाल की जमानत के बारे में पूछे जाने पर, संदीप पाठक ने कहा हाईकोर्ट अपना काम कर रहा है और अगर हाईकोर्ट से जमानत नहीं मिली तो हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।

नए लोगों का जुड़ाव

आम आदमी पार्टी में लोगों के जुड़ने के सवाल पर सुशील गुप्ता ने कहा, हमारे संपर्क में कई नेता हैं, लेकिन हम सिर्फ आम आदमी को जोड़ते हैं, नेताओं को नहीं। बहुत से लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं और हमारा जना धार लगातार बढ़ रहा है।

जल संकट पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया

दिल्ली में जल संकट के सवाल पर, सुशील गुप्ता ने कहा कि यह समस्या सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे देश में है। उन्होंने कहा हरियाणा में भी जल संकट है और केंद्र सरकार को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। इस रैली ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी के चुनावी अभियान को गति दी है और पार्टी के कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ना और जनता के बीच अपनी पैठ बनाना है।

SHARE